
James Coles and Rehan Ahmed to play T20 Blast: इंग्लैंड की सीनियर टीम फिलहाल भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में व्यस्त है और हाल में इंग्लैंड ने आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप भी होस्ट किया है। यह सब तब है, जब उसका घरेलू सीजन भी अपने पूरे चरम पर है। इंग्लैंड में अभी T20 ब्लास्ट (इंग्लैंड का प्रीमियर डोमेस्टिक टी20 टूर्नामेंट) चल रहा है। इसे देखते हुए इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए युवा खिलाड़ियों को कुछ मैच टाइम देने के लिए बड़ा फैसला किया है। उसने भारत के खिलाफ इंग्लैंड की टीम में शामिल जेम्स कोल्स और रेहान अहमद को T20 ब्लास्ट खेलने भेज दिया है।
इंग्लैंड की टीम ने भारत के खिलाफ फिलहाल टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना रखी है। चौथे मैच से पहले ईसीबी ने जेम्स कोल्स और रेहान अहमद को 8 जुलाई की रात T20 ब्लास्ट मैच खेलने के लिए भेज दिया है। ये दोनों युवा खिलाड़ी इंग्लैंड की टी20 टीम में शामिल हैं, लेकिन उन्हें अब तक खेलने का कोई मौका नहीं मिला है। इंग्लिश टीम ने जिस तरह से बढ़त बना रखी है, उसे देखते हुए वह चौथे मुकाबले में उसी प्लेइंग इलेवन के साथ उतरना चाहेगी। इसलिए बोर्ड ने दोनों ऑल-राउंडर्स को बेंच पर न रखकर घरेलू क्रिकेट में इस्तेमाल करने का फैसला किया है।
टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, कोल्स टी20 ब्लास्ट में ससेक्स के लिए केनिंग्टन ओवल में सरे के खिलाफ खेलेंगे। वहीं, रेहान लीसेस्टरशायर को रिप्रेजेंट करेंगे, जो डरहम होस्ट करेगा। ये दोनों ही मैच 8 जुलाई बुधवार की रात भारतीय समयानुसार, 11:00 बजे से शुरू होंगे।
बता दें कि T20 ब्लास्ट 2026 मई में ही शुरू हो चुका है। कोल्स और रेहान दोनों ने टूर्नामेंट में कुछ मैच खेले हैं। कोल्स हाल ही में भारत के खिलाफ अपने पहले वनडे कॉलअप के बाद सुर्खियों में रहे हैं। उन्होंने अब तक 5 ब्लास्ट मैच खेले हैं और 115 रन के साथ पांच विकेट भी चटकाए हैं। वहीं, रेहान इंग्लैंड के लिए तीनों फॉर्मेट खेल चुके हैं। उन्होंने लीसेस्टरशायर के लिए 87 रन और 7 विकेट लिए हैं, जिसमें जॉनी बेयरस्टो की यॉर्कशायर के खिलाफ तीन विकेट भी शामिल हैं।