क्रिकेट

भारतीय टीम के लिए बुरी खबर, तीसरे टेस्ट से बुमराह हो सकते हैं बाहर, जानें क्‍यों

इंग्‍लैंड के खिलाफ राजकोट में खेले जाने वाले तीसरे टेस्‍ट से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बाहर हो सकते हैं। क्‍योंकि चयनकर्ता बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से तीसरे टेस्ट मैच में ब्रेक देने पर विचार कर रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 6 Feb 2024, 3:49 PM IST
jasprit_bumrah.jpg

इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले गए दूसरे टेस्ट में जसप्रीत बुमराह भारत की जीत के हीरो थे। बुमराह ने पहली पारी में 6 विकेट हॉल और दूसरी पारी में तीन विकेट लिए थे, जिसकी वजह से उन्‍हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। लेकिन, राजकोट में 15 फरवरी से खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट में शायद ही बुमराह नजर आएं। क्‍योंकि चयनकर्ता बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से तीसरे टेस्ट मैच में ब्रेक देने पर विचार कर रहे हैं, ताकि वह आखिरी दो मुकाबलों के लिए उपलब्ध हो सकें।


बता दें कि विशाखापट्टनम टेस्‍ट में जसप्रीत बुमराह ने कुल 32 ओवर फेंकते हुए 9 विकेट अपने नाम किए थे। उन्‍होंने लगातार 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की। क्रिकबज की मानें तो अभी एक महीने लंबी चलने वाली इस सीरीज और फिर आईपीएल के चलते चयनकर्ता उन्‍हें एक मैच में ब्रेक देने पर विचार कर रहे हैं, ताकि वह आखिरी दो मैच में फिर से तरोताजा होकर लौटें।

सिराज करेंगे पेस अटैक की अगुवाई

चयनकर्ताओं ने वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते ही मोहम्मद सिराज को दूसरे टेस्ट से ब्रेक दिया था। उम्‍मीद है तीसरे मैच से सिराज तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे और आखिरी दो टेस्‍ट में बुमराह के साथ पेस अटैक संभालेंगे। उम्‍मीद जताई जा रही है कि चयनकर्ता आज 6 फरवरी को टीम को अंतिम रूप दे सकते हैं।

यह भी पढ़ें : भारत से हारने के बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने जसप्रीत बुमराह को लेकर दिया बड़ा बयान

कोहली की वापसी पर संशय बरकरार

क्रिकबज ने पहले ही बता चुका है कि रवींद्र जडेजा के राजकोट टेस्ट के लिए पूरी तरह से फिट होने की कोई संभावना नहीं है। पहले टेस्ट में हुई हैमस्ट्रिंग इंजरी से उभरने में उन्‍हें अतिरिक्त समय लगेगा। ऐसा भी हो सकता है कि वह पूरी सीरीज मिस करें। वहीं, विराट कोहली को लेकर भी संशय बना हुआ है कि वह कब वापसी करेंगे।

यह भी पढ़ें : इंग्लैंड की टीम ने दूसरा टेस्ट हारने के बाद सीरीज के बीच छोड़ा भारत, चौंकाने वाली है वजह

Updated on:
6 Feb 2024, 3:49 PM IST
Published on: