क्रिकेट

टीम इंडिया मतलब जीत, जब मैं BCCI में था तभी से ही… जय शाह ने बताया अपना फ्यूचर प्लान

ICC चेयरमैन जय शाह ने टीम इंडिया की तुलना अजेय ऑस्ट्रेलिया से करते हुए गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव को खास सलाह दी है। शाह ने खुलासा किया कि उन्होंने BCCI में रहते हुए 2028 ओलंपिक तक का प्लान बनाया था और अब उनका लक्ष्य 2036 तक भारत को शिखर पर देखना है। जानिए क्या है जय शाह पूरा मास्टर प्लान।

2 min read
Mar 15, 2026
ICC चेयरमैन जय शाह, गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव (Photo - IANS)

ICC Chairman Jay Shah: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह ने टीम इंडिया को लेकर एक बहुत बड़ी बात कही है। उन्होंने भारतीय टीम की तुलना उस दौर की ऑस्ट्रेलियाई टीम से की है, जो कभी हारना नहीं जानती थी। जय शाह के मुताबिक, आज के दौर में टीम इंडिया का नाम ही जीत की गारंटी बन चुका है।

ये भी पढ़ें

चुनाव आयोग के फैसले पर BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का बड़ा बयान, जानें कब आएगा IPL 2026 का पूरा शेड्यूल?

विजेताओं को समर्पित अवॉर्ड

एक निजी अवॉर्ड शो के दौरान जय शाह को खेल जगत में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने यह अवॉर्ड खुद के पास रखने के बजाय उन खिलाड़ियों को समर्पित किया जो मैदान पर दिन-रात मेहनत करते हैं। उन्होंने खास तौर पर महिला खिलाड़ियों की तारीफ की, जिन्होंने हाल ही में अपना पहला विश्व कप जीता है।

दूसरी टीम को दी सराहना

जय शाह ने टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर को जीत की बधाई दी। भारत ने हाल ही में न्यूजीलैंड को हराकर अपना खिताब डिफेंड किया है। शाह ने सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका जैसी टीमों की भी सराहना की, जिन्होंने टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया।

BCCI में उपलब्धियों का सफर

जय शाह ने साल 2019 से 2026 तक के अपने सफर को याद करते हुए भारतीय क्रिकेट की उपलब्धियां गिनाईं। दो अंडर-19 पुरुष विश्व कप जीते, दो अंडर-19 महिला विश्व कप अपने नाम किए, लगातार दो T20 विश्व कप की ऐतिहासिक जीत, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक का सफर। उन्होंने कहा कि ये सात साल भारतीय क्रिकेट के लिए किसी सुनहरे दौर से कम नहीं रहे।

गौतम भाई और सूर्या के लिए मैसेज

जय शाह ने मंच से गौतम गंभीर और सूर्या को एक खास सलाह दी। उन्होंने कहा, 'गौतम भाई और सूर्या, मैं आपको बस एक मैसेज देना चाहता हूं। अपने 17 साल के अनुभव से मैंने सीखा है कि शिखर (टॉप) से नीचे गिरने में सिर्फ कुछ ही महीने लगते हैं, लेकिन नीचे से शिखर तक पहुंचने में सालों लग जाते हैं।' उन्होंने खिलाड़ियों को जोश बरकरार रखने को कहा ताकि टीम इंडिया हर साल इसी तरह अवॉर्ड जीतती रहे।

2028 ओलंपिक तक का बनाया था प्लान

जय शाह ने अपने विजन का खुलासा करते हुए कहा कि जब वो बीसीसीआई में थे, तभी उन्होंने 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक तक का पूरा रोडमैप तैयार कर लिया था। उन्होंने कहा, 'मेरे बाद अब बीसीसीआई में नए लोग आ गए हैं। अब जिम्मेदारी आप सबकी है कि 2030, 2032 और यहां तक कि 2036 के ओलंपिक के लिए भी अभी से तैयारी शुरू कर दें।' जय शाह का यह बयान साफ करता है कि भले ही वह अब आईसीसी में चले गए हों, लेकिन टीम इंडिया को दुनिया की नंबर-1 टीम बनाए रखने का जुनून उनके मन में आज भी वैसा ही है।

ये भी पढ़ें

BCCI NAMAN Awards: शुभमन गिल से लेकर हर्षित राणा तक… जानें आज किसे मिलेगा कौन-सा अवॉर्ड? यहां पूरी लिस्ट के साथ देखें लाइव स्‍ट्रीमिंग डिटेल्‍स

Also Read
View All

अगली खबर