
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला (Photo - IANS)
IPL 2026 Schedule: आईपीएल 2026 के पूरे शेड्यूल का इंतजार कर रहे करोड़ों फैंस के लिए एक बड़ी खबर आ रही है। बीसीसीआई (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ कर दिया है कि जैसे ही इलेक्शन कमीशन तारीखों का ऐलान करेगा, आईपीएल का पूरा टाइम-टेबल भी जारी कर दिया जाएगा।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, 'अगर आज चुनाव का शेड्यूल आ जाता है, तो यह हमारे लिए राहत की बात होगी। इससे हम आईपीएल का पूरा शेड्यूल जल्द ही निकाल पाएंगे। हमें शेड्यूल बनाने के लिए यह देखना जरूरी है कि पुलिस की तैनाती कहां और कब उपलब्ध होगी।' उन्होंने आगे साफ किया कि आईपीएल अपने तय समय पर ही होगा। अभी बीसीसीआई ने सिर्फ शुरुआती मैचों का शेड्यूल जारी किया है, बाकी मैचों की लिस्ट चुनाव की तारीखें देखने के बाद ही आएगी।
दरअसल, आईपीएल के दौरान ही कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। बीसीसीआई सुरक्षा और पुलिस इंतजामों को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। इसीलिए सावधानी बरतते हुए पूरा शेड्यूल एक साथ जारी नहीं किया गया था। और बीसीसीआई अब तक 20 मैचों का शेड्यूल जारी कर चुकी है।
निर्वाचन आयोग (Election Commission) आज शाम 4 बजे विज्ञान भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाला है। माना जा रहा है कि इसमें पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा हो जाएगी। इन राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में खत्म हो रहा है, इसलिए वहां चुनाव कराए जाने हैं।
फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि टूर्नामेंट अपने तय समय पर ही शुरू होगा। इस बार सीजन का शुरूआती मैच 28 मार्च को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। अब बस इंतजार है चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस का, जिसके बाद आईपीएल का पूरा कैलेंडर हमारे सामने होगा।
संबंधित विषय:
Updated on:
15 Mar 2026 12:12 pm
Published on:
15 Mar 2026 12:12 pm
