क्रिकेट

‘उसकी जिंदगी अभी शुरू ही हुई है’, भारत के महान कप्‍तान कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी को दी बड़ी सीख

Kapil Dev on Vaibhav Sooryavanshi: भारत को पहला विश्‍व कप जिताने वाले महान कप्‍तान कपिल देव ने टीनएज सनसनी वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में चुने जाने पर बड़ी सीख दी है। उन्‍होंने कहा कि उसकी जिंदगी अभी शुरू हुई है। अगर वह जमीन से जुड़ा रहे और अपना ख्याल रखे, तो यह उसके लिए अच्छा होगा।
2 min read
Jun 08, 2026
Kapil Dev on Vaibhav Sooryavanshi
वैभव सूर्यवंशी। इनसेट में कपिल देव। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)

Kapil Dev on Vaibhav Sooryavanshi: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में जबरदस्‍त प्रदर्शन करने वाले टीनएज सनसनी वैभव सूर्यवंशी को शनिवार को भारतीय टी20 टीम में चयन किया गया। 15 वर्षीय बल्लेबाज को आयरलैंड-इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए चुनी गई भारतीय सीनियर टीम में शामिल किया गया है। आईपीएल के 19वें सीजन के दौरान उनके दमदार प्रदर्शन को देख उन्‍हें जल्‍द से जल्‍द राष्‍ट्रीय टीम में चुनने की वकालत करने वाले तमाम क्रिकेटर अब इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसी बीच भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने कहा कि वैभव की जिंदगी अभी शुरू हुई है, उन्‍हें अभी लंबा रास्ता तय करना है।

'हम सभी उन पर जरुरत से ज्यादा दबाव डाल रहे हैं'

भारत को पहला विश्व कप जिताने वाले कप्तान ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी जाहिर तौर पर खास टैलेंट हैं, लेकिन उन्हें अभी बहुत लंबा सफर तय करना है। इसमें कोई शक नहीं है कि उन्होंने क्लब क्रिकेट और आईपीएल में जबरदस्त बल्लेबाजी करके अपनी काबिलियत को दिखाया है। लेकिन, उन्‍हें को अभी खुद पर ध्यान देने की जरुरत है, क्योंकि उन्हें बहुत दूर तक जाना है। इस समय हम सभी उन पर जरुरत से ज्यादा दबाव डाल रहे हैं।

'टीम के चयन में अब आईपीएल काफी अहम रोल'

उन्‍होंने कहा कि भारतीय टीम के चयन में अब आईपीएल काफी अहम रोल अदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि आईपीएल की मदद से चयनकर्ता यह देख पाते हैं कि कौन सा खिलाड़ी किस तरह का क्रिकेट खेल रहा है। पूर्व कप्तान ने कहा कि चयनकर्ताओं के पास अब बहुत सारे विकल्प हैं और वह यह फैसला ले सकते हैं कि कौन टीम में फिट बैठ सकता है।

टी20 कप्‍तान बदलने के सवाल पर बचते नजर आए कपिल

कपिल से जब पूछा गया कि क्या सूर्यकुमार की जगह पर श्रेयस अय्यर को नया टी20 कप्तान बनाने का चयनकर्ताओं का फैसला सही है, तो इस पर वह स्पष्ट जवाब देने से बचते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि इसका बेहतर जवाब चयनकर्ता या फिर खिलाड़ियों को खेलते देख रहे लोग दे सकते हैं।

इस वजह से सूर्यकुमार यादव से छीनी गई कप्‍तानी

बता दें कि भारतीय टीम को इसी साल अपनी कप्तानी में टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जिताने वाले सूर्यकुमार को चयनकर्ताओं ने लंबे समय से खराब प्रदर्शन के चलते टी20 सेटअप से बाहर कर दिया है। कप्तानी के साथ-साथ सूर्यकुमार को टी20 टीम में जगह भी नहीं दी गई है। सूर्या लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं और इसी के चलते उन्‍हें दरकिनार किया गया है।

Updated on:
08 Jun 2026 03:14 pm
Published on:
08 Jun 2026 02:56 pm