क्रिकेट

शाहरुख खान KKR अब IPL 2026 के प्लेऑफ कैसे कर सकती है क्वालीफाई, यहां समझे पूरा गणित

KKR IPL 2026 playoff scenario: आईपीएल 2026 से एक समय सबसे पहले बाहर होती नजर आ रही केकेआर ने चार जीत के साथ जबरदस्‍त वापसी की है। इसके साथ ही उसके प्‍लेऑफ के लिए क्‍वालीफाई करने के चांस भी बढ़ गए हैं। अब यहां से वह कैसे नॉकआउट में पहुंच सकती है। आइये जानते हैं।
2 min read
May 09, 2026
KKR IPL 2026 playoff scenario
केकेआर को जिताने बाद गले मिलते फिन एलन और कैमरन ग्रीन। (फोटो सोर्स: IANS)

KKR IPL 2026 playoff scenario: आईपीएल 2026 में शुरुआती पांच मुकाबले हारने और एक बारिश से धुलने के बाद किसी ने भी नहीं सोचा होगा कि शाहरुख खान के मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम प्‍लेऑफ की रेस में शामिल हो पाएगी। इस टूर्नामेंट के 19वें सीजन में इस फ्रैंचाइजी का छह मैचों के बाद सिर्फ एक पॉइंट था। लेकिन, लगातार जीत से कितना फ़र्क पड़ सकता है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम लगातार चार मैच जीतने के बाद आखिरकार लय में आ गई है और उसके पास टॉप-4 में जगह बनाने का एक शानदार मौका है। अब यहां से केकेआर के प्‍लेऑफ में पहुंचने के क्‍या समीकरण हैं। आइये एक नजर इस पर डालते हैं।

केकेआर के लिए प्‍लेऑफ का गणित

तीन बार की चैंपियन केकेआर ने शुक्रवार रात दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आठ विकेट से एकतरफा जीत हासिल की। इस जीत के साथ वह अब पॉइंट्स टेबल में 10 मैचों में 9 पॉइंट्स के साथ सातवें स्थान पर है, जो छठे स्थान पर मौजूद चेन्नई सुपर किंग्स से सिर्फ 1 पॉइंट पीछे है।

पिछले सीजनों के आंकड़ों पर नज़र डालें तो प्लेऑफ में क्‍वालीफाई करने के लिए किसी भी टीम के लिए 16 या उससे ज्‍यादा पॉइंट्स काफी रहे हैं। अगर अब केकेआर यहां से अपने बचे हुए चारों मैच जीत जाती है, तो फ्रैंचाइजी कुल 17 पॉइंट्स तक पहुंच जाएगी, जो नेट रन रेट की चिंता किए बिना सीधे क्‍वालीफाई करने के लिए काफी होगा। लेकिन, अगर वह एक भी मैच हार जाती है, तो नेट रन रेट की भूमिका अहम हो जाएगी।

केकेआर का अगले मुकाबले किससे?

केकेआर के लिए आगे का सफर अब आसान होने वाला नहीं है, क्योंकि उसे जिन चार टीमों का सामना करना है, वे काफी मजबूत हैं। रहाणे की कप्तानी वाली टीम के अगले चार मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटन्स, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हैं।

पॉइंट्स टेबल में आरसीबी और गुजरात टाइटन्स केकेआर से ऊपर हैं, जबकि मुंबई और दिल्ली उससे नीचे हैं। मुंबई के खिलाफ केकेआर का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड काफी खराब रहा है और इस सीजन में भी टीम वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए अपने घरेलू मैच में मुंबई से हार गई थी।

डीसी बनाम केकेआर मैच पर एक नजर

केकेआर और डीसी के बीच हुए मैच में केकेआर ने 34 गेंदें शेष रहते आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी। फिन एलन के अपने पहले आईपीएल शतक की बदौलत केकेआर ने 142 रनों का लक्ष्य काफी आसानी से हासिल कर लिया। दिल्ली कैपिटल्स की टीम बल्ले और गेंद दोनों से ही फीकी नजर आई और केकेआर इस मुकाबले में आगे निकल गई।

एक समय ऐसा लग रहा था कि दिल्ली 180 से ज्‍यादा का स्कोर खड़ा कर लेगी, लेकिन वरुण चक्रवर्ती, सुनील नरेन और अनुकूल रॉय ने बीच के ओवरों में दिल्ली की रन गति पर लगाम कस दी, जिसके चलते केकेआर ने दिल्ली को 20 ओवरों में सिर्फ 141/8 के स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद दिल्ली ने अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी को सस्ते में आउट कर दिया, लेकिन कैमरन ग्रीन और एलन ने तीसरे विकेट के लिए 116 रनों की अटूट साझेदारी करके केकेआर की जीत पक्की कर दी।

Updated on:
09 May 2026 09:55 am
Published on:
09 May 2026 09:55 am