क्रिकेट

GT के खिलाफ मैच से पहले KKR को लगा बड़ा झटका, स्टार रचिन रविंद्र ने अचानक छोड़ा साथ, जानें घर वापस लौटने की वजह

Rachin Ravindra leaves KKR: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच से ठीक पहले KKR को लगा सबसे बड़ा झटका। स्टार ऑलराउंडर रचिन रविंद्र ने छोड़ा साथ। क्या अब KKR प्लेऑफ की रेस से होगी बाहर?
2 min read
May 15, 2026
Rachin Ravindra
न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज रचिन रविंद्र (Photo- ANI)

Rachin Ravindra leaves KKR: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ होने वाले करो या मरो के मुकाबले से ठीक पहले टीम का एक बड़ा हथियार साथ छोड़कर चला गया है। खबर आई है कि न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर रचिन रविंद्र अब IPL 2026 के बाकी बचे मैचों में नजर नहीं आएंगे।

क्यों छोड़ना पड़ा साथ?

KKR ने शुक्रवार को खुद इस खबर की पुष्टि की। फ्रेंचाइजी ने बताया कि रचिन रविंद्र न्यूजीलैंड की नेशनल टीम के लिए अपनी रेड बॉल (टेस्ट क्रिकेट) की तैयारियों में जुटने के लिए वापस अपने देश लौट गए हैं। न्यूजीलैंड को जल्द ही इंग्लैंड का दौरा करना है और रचिन वहां की टेस्ट टीम का अहम हिस्सा हैं। KKR ने अपने बयान में कहा, 'रचिन वापस घर लौट गए हैं ताकि इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी कर सकें।'

KKR की बढ़ी टेंशन: पॉइंट्स टेबल का गणित

रचिन का जाना ऐसे समय पर हुआ है जब KKR प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए संघर्ष कर रही है। टीम की स्थिति अभी काफी नाजुक है। KKR ने अब तक 11 मैच खेले हैं। जिसमें से 4 में जीत मिली है और 6 में हार, जबकि एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। टीम के पास सिर्फ 9 अंक हैं और वे टेबल में 8वें पायदान पर हैं। फिलहाल कोलकाता टीम का रन रेट -0.198 है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए KKR को अपने आने वाले मैच हर हाल में जीतने होंगे, लेकिन रचिन रविंद्र जैसे शानदार ऑलराउंडर की कमी टीम को खल सकती है।

इंग्लैंड ने भी कसी कमर

एक तरफ रचिन रविंद्र तैयारी के लिए लौटे हैं, तो दूसरी तरफ इंग्लैंड ने भी न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 जून से शुरू होने वाले पहले टेस्ट (लॉर्ड्स) के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इंग्लैंड ने अपनी टीम में तीन नए चेहरों को जैसे जेम्स रयू, एमिलियो गे और सनी बेकर को मौका दिया है। टीम की कमान बेन स्टोक्स के हाथों में होगी।