क्रिकेट

राहुल-नितीश ने मिलकर बनाए 220 रन, लेकिन नहीं तोड़ पाए विराट-डीविलियर्स का रिकॉर्ड, देखें IPL की सबसे बड़ी साझेदारी

Highest Individual Score in IPL History: केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ नाबाद 152 रनों की तूफानी पारी खेली और वह आईपीएल इतिहास में तीसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

2 min read
Apr 25, 2026
केएल राहुल (फोटो- IANS)

IPL 2026 DC vs PBKS, KL Rahul Hundred: आईपीएल 2026 का 35वां मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में पंजाब किंग्स के सामने मेजबान दिल्ली कैपिटल्स है, जिसने पहले बल्लेबाजी करते हुए 265 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। इस दौरान केएल राहुल ने नाबाद 152 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 16 चौके और 9 छक्के लगाए। वहीं नितीश राणा ने भी 44 गेंदों में 51 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली।

ये भी पढ़ें

क्या दिल्ली कैपिटल्स खत्म करेगी पंजाब किंग्स की जीत का सिलसिला? केएल राहुल ने बताया अपना प्लान

हर गेंदबाज की हुई जमकर धुनाई

पंजाब किंग्स का कोई भी गेंदबाज ऐसा नहीं रहा, जिसका इकॉनमी रेट 10 से कम रहा हो। सबसे महंगे जेवियर बार्टलेट साबित हुए, जिन्होंने 4 ओवर में 69 रन लुटाए। इसके अलावा मार्को यानसेन ने 4 ओवर में 45 रन, अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 49 रन और विजयकुमार वैशाक ने 3 ओवर में 48 रन खर्च किए। युजवेंद्र चहल सबसे किफायती गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 42 रन दिए।

इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अर्शदीप सिंह ने तीसरे ओवर में ही पथुम निसांका को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद केएल राहुल और नितीश राणा ने पारी संभाली और रिकॉर्ड साझेदारी कर डाली। दोनों ने मिलकर 220 रनों की साझेदारी की, जो आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई।

नहीं टूटा विराट का ये रिकॉर्ड

आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के नाम है, जिन्होंने 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ 229 रन जोड़े थे। इसके साथ ही केएल राहुल ने शतक जड़ते ही क्रिस गेल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब राहुल के नाम भी आईपीएल में 6 शतक हो गए हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक विराट कोहली के नाम हैं, जबकि जोस बटलर दूसरे नंबर पर हैं।

राहुल ने अपनी पारी में 9 छक्के लगाए और वह किरोन पोलार्ड और आंद्रे रसेल से आगे निकल गए। अब वह आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं, जिनके नाम 226 छक्के हो गए हैं।

केएल राहुल की 152 रनों की नाबाद पारी आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बन गई है। इस सूची में पहले स्थान पर क्रिस गेल (175 रन) हैं, जबकि दूसरे स्थान पर ब्रेंडन मैक्कुलम (158 रन, 2008) हैं। इससे पहले राहुल का सर्वोच्च स्कोर 132 रन था, जो उन्होंने 2020 में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए आरसीबी के खिलाफ बनाया था।

IPL इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारियां

विराट कोहली और एबी डीविलियर्स (RCB)- 229 बनाम गुजरात लायंस (2016)
नितीश राणा और केएल राहुल (DC)- 220 बनाम पंजाब किंग्स (2026)
विराट कोहली और एबी डीविलियर्स (RCB)-215 बनाम मुंबई इंडियंस (2015)
केएल राहुल और क्विंटन डीकॉक (LSG)- 210 बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (2022)
शुभमन गिल और साई सुदर्शन (GT)- 210 बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (2024)

IPL इतिहास में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर

175 - क्रिस गेल (RCB) बनाम पुणे वॉरियर्स, 2013
158 - ब्रेंडन मैकुलम (KKR) बनाम RCB, 2008
152 - केएल राहुल (DC) बनाम पंजाब किंग्स, 2026
141 - अभिषेक शर्मा (SRH) बनाम पंजाब किंग्स, 2025
140 - क्विंटन डी कॉक (LSG) बनाम KKR, 2022
133 - एबी डी विलियर्स (RCB) बनाम मुंबई इंडियंस, 2015
132 - केएल राहुल (PBKS) बनाम RCB, 2020

ये भी पढ़ें

6,4,4,4,4,6: नीतिश राणा ने बनाई ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज की रेल, राहुल के साथ मिलकर तोड़ा 15 साल पुराना रिकॉर्ड
Also Read
View All