क्रिकेट

LSG vs RCB pitch report: घर पर अबतक एक भी मुक़ाबला नहीं जीती लखनऊ, आज हारे तो लीग से बाहर, पढ़ें पिच का हाल

LSG vs RCB, IPL 2026: लखनऊ की पिच काली मिट्टी से तैयार की जाती है, जिसकी वजह से यह हमेशा गेंदबाजों, खासकर स्पिनरों के लिए मददगार साबित होती रही है। यहां बल्लेबाजों के लिए रन बनाना अक्सर चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

3 min read
May 07, 2026
IPL 2026 का 50वां मुक़ाबला LSG और RCB के बीच खेला जाएगा। (photo - IPL)

Lucknow Super Giants vs Royal Challengers Bengaluru Pitch Report: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का 50वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वजपाई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा देखने को मिलेगी।

ये भी पढ़ें

‘अपनी टीम के लिए मौत का फरमान लिख दिया…’, संजय मांजरेकर ने केएल राहुल को लिया आड़े हाथ

इकाना क्रिकेट स्टेडियम की पिच का हाल

लखनऊ की पिच काली मिट्टी से तैयार की जाती है, जिसकी वजह से यह हमेशा गेंदबाजों, खासकर स्पिनरों के लिए मददगार साबित होती रही है। यहां बल्लेबाजों के लिए रन बनाना अक्सर चुनौतीपूर्ण हो जाता है। यह पिच आमतौर पर धीमी होती है, जिसमें उछाल कम मिलता है और गेंद रुक-रुककर आती है। ऐसी स्थितियों में स्पिनरों को अच्छी टर्न मिलने की संभावना रहती है। बल्लेबाजों को शुरुआती ओवरों में स्ट्रोक खेलने में काफी दिक्कत होती है, क्योंकि गेंद आसानी से बल्ले पर नहीं आती। मैच जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, पिच सूखती और खराब होती जाती है, जिससे स्पिनरों को और अधिक मदद मिलती है। इसलिए शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है और धैर्य के साथ खेलना होता है।

लखनऊ ने इस साल नहीं जीता एक भी मैच

इकाना एलएसजी का होम ग्राउंड है, लेकिन इस मैदान पर एलएसजी का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। टीम अब तक खेले गए चार मैचों में एक भी नहीं जीत पाई है। इसके अलावा आरसीबी के खिलाफ इस मैदान पर एक भी मैच नहीं जीत पाई है। एलएसजी का आईपीएल 2026 में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन रहा है। टीम 9 मैचों में सिर्फ 2 जीत दर्ज कर सकी है और अंकतालिका में आखिरी स्थान पर है। टीम अपने पिछले 6 मैच लगातार हारी है। इसलिए आरसीबी जैसी मजबूत टीम के खिलाफ होने वाले मुकाबले में ऋषभ पंत की कप्तानी वाली एलएसजी से किसी करिश्माई प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जा रही है। एलएसजी का अपने घरेलू मैदान पर आरसीबी के खिलाफ रिकॉर्ड भी बेहद खराब रहा है।

इकाना क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमों का रिकॉर्ड

इकाना क्रिकेट स्टेडियम में एलएसजी और आरसीबी के बीच अब तक दो मुकाबले खेले गए हैं। दोनों ही मुकाबलों में एलएसजी को हार का सामना करना पड़ा है। लखनऊ और बेंगलुरु के बीच इकाना में पहला मुकाबला 2023 में खेला गया था। इस मैच को बेंगलुरु ने 18 रन से जीता था। दोनों टीमों के बीच इसी मैदान पर दूसरा मुकाबला 2025 में खेला गया था। आरसीबी ने इस मैच को 6 विकेट से जीता था। आईपीएल 2026 में इकाना के संघर्ष में बाजी किसके हाथ लगेगी, इसका पता गुरुवार रात को चलेगा।

दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड

एलएसजी का ओवरऑल रिकॉर्ड भी आरसीबी के खिलाफ बेहद खराब रहा है। दोनों टीमों के बीच कुल 7 मैच खेले गए हैं। इसमें 5 बार आरसीबी जीती है, जबकि एलएसजी को 2 मैचों में जीत मिली है। सीजन के पहले मुकाबले में आरसीबी ने एलएसजी को 5 विकेट से हराया था।

आरसीबी का सीजन बेहतरीन

आरसीबी का सीजन बेहतरीन रहा है। टीम 9 मैचों में 6 मैच जीतकर 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। आरसीबी को अपने आखिरी मुकाबले में गुजरात जायंट्स (GT) के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। लखनऊ के खिलाफ आरसीबी जीत की पटरी पर फिर से लौटना चाहेगी। जीत के साथ आरसीबी अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच सकती है।

लखनऊ के मौसम का हाल

मौसम की बात करें तो 7 मई को लखनऊ का मौसम ज्यादा गरम नहीं रहेगा। यहां दिन के समय अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने का अनुमान है। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और बारिश की 6% संभावना है। हालांकि उमस के चलते खिलाड़ियों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा और चोटिल होने की संभावना बढ़ जाएगी। मैच के दौरान उमस 57 % रहेगी। वहीं हवा 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।

ये भी पढ़ें

‘डेविड वॉर्नर की बड़ी गलती’, शराब के नशे में पकड़े गए, अब वकील ने भी हाथ खड़े किए
Published on:
07 May 2026 12:08 pm
Also Read
View All