क्रिकेट

सेना के साथ जम्मू-कश्मीर में ट्रेनिंग लेंगे महेंद्र सिंह धोनी, बिपिन रावत से मिली इजाजत

Mahendra Singh Dhoni ने सेना के साथ ट्रेनिंग लेने के लिए क्रिकेट दो महीने का ब्रेक ले रखा है। इसी वजह से वह वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं गए।

2 min read

नई दिल्ली :भारतीय क्रिकेट टीम ( Indian cricket team ) के दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ( Mahendra Singh Dhoni ) को आर्मी चीफ बिपिन रावत ने रविवार को भारतीय सेना में टेरिटोरियल आर्मी ट्रेनिंग की इजाजत दे दी। महेंद्र सिंह धोनी अब पैराशूट रेजीमेंट के साथ दो महीने की आर्मी ट्रेनिंग लेंगे। हालांकि स्पष्ट रूप से यह नहीं बताया गया है कि महेंद्र सिंह धोनी कहां ट्रेनिंग लेंगे, लेकिन यह जरूर कहा गया है कि उनकी ट्रेनिंग का कुछ हिस्सा जम्मू और कश्मीर में हो सकता है। आर्मी चीफ ने धोनी को आर्मी ट्रेनिंग की इजाजत देते हुए यह भी स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें किसी ऑपरेशन का हिस्सा नहीं बनाया जाएगा। बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी टेरिटोरियल आर्मी की पैराशूट रेजीमेंट में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं।

आर्मी ट्रेनिंग लेने के लिए धोनी नहीं गए वेस्टइंडीज दौरे पर

आज ही मुंबई में वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का चयन किया गया। एक महीने के इस दौरे के लिए महेंद्र सिंह धोनी को टीम में नहीं चुना गया है। महेंद्र सिंह धोनी ने बीसीसीआई चयनकर्ताओं को पहले ही यह सूचित कर दिया था कि दो महीने तक वह किसी भी तरह की क्रिकेट गतिविधि से दूर रहेंगे, क्योंकि वह पैराशूट रेजीमेंट के साथ दो महीने की आर्मी ट्रेनिंग लेना चाहते हैं। बीसीसीआई ने उनके इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया था।

एमएसके प्रसाद ने भी पुष्टि की

आज टीम इंडिया के चयन के बाद मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने स्पष्ट किया कि महेंद्र सिंह धोनी ने दो महीने तक क्रिकेट से ब्रेक लेने की जानकारी पहले ही दे दी थी। उन्होंने बताया था कि वह आर्मी की ट्रेनिंग लेना चाहते हैं। इसके अलावा संवाददाता सम्मेलन में महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी महान खिलाड़ी हैं और वह जानते हैं कि उन्हें संन्यास कब लेना है। इसलिए उन्हें नहीं लगता कि इस पर चर्चा की जानी चाहिए। बता दें कि वेस्टइंडीज के एक महीने के दौरे पर भारत को तीन टी-20, तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेलना है।

Updated on:
22 Jul 2019 11:02 am
Published on:
21 Jul 2019 10:22 pm
Also Read
View All