
Mohammad Amir, IPL 2027: पाकिस्तान के पूर्व पेसर मोहम्मद आमिर को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि वह पाकिस्तान सुपर लीग 2027 (PSL) में ओवरसीज खिलाड़ी के रूप में खेल सकते हैं। इसके पीछे की वजह उनको ब्रिटिश नागरिकता मिलना बताया जा रहा है। ऐसे में वह पीएसएल में विदेशी खिलाड़ी के तौर पर अपना नाम रजिस्टर कराने वाले हैं। अब सवाल उठता है कि जब वह पाकिस्तान के नागरिक ही नहीं रहे, तो क्या इंडियन प्रीमियर लीग के ऑक्शन में अपना नाम दे सकते है और खेल भी सकते हैं? आइये आपको भी बताते हैं कि इसके लिए क्या नियम है?
दरअसल, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2008 (IPL) में पाकिस्तानी प्लेयर्स को खेलने की अनुमति दी थी। उस पहले सीजन में शोएब अख्तर समेत पाकिस्तान के कुल 11 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। लेकिन, 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सियासी तनाव काफी बढ़ गया। इसके बाद बीसीसीआई ने आईपीएल 2009 से पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर अघोषित रूप से बैन लगा दिया।
पाकिस्तानी प्लेयर्स पर बैन लगने के बाद अजहर महमूद पाकिस्तान मूल के इकलौते ऐसे खिलाड़ी रहे, जो 2012 से लेकर 2015 तक कुल चार आईपीएल सीजन खेले। ऐसा इसलिए संभव हुआ, क्योंकि उस दौरान वह ब्रिटिश नागरिकता हासिल कर चुके थे। उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब (अब PBKS) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल 23 आईपीएल मैचों की 21 पारियों में बल्ले से 388 रन और गेंद से 29 विकेट अपने नाम किए थे।
अजहर महमूद की तरह मोहम्मद आमिर भी अब ब्रिटिश नागरिकता ले चुके हैं। ऐसे में नियमानुसार वह भी आईपीएल 2027 के ऑक्शन में अपना नाम दर्ज कराने का अधिकार हासिल कर चुके हैं। अगर मोहम्मद आमिर अपना नाम रजिस्टर्ड कराते हैं और कोई फ्रैंचाइजी उन्हें खरीद लेती है, तो वह आईपीएल के अगले सीजन में खेलते नजर आ सकते हैं। बशर्ते आईपीएल की फ्रैंचाइजी उन पर बोली लगाएं।