क्रिकेट

‘वही पुरानी गलती फिर दोहरा रही है टीम इंडिया…’, Sanju Samson को बाहर करने पर मोहम्मद कैफ का बड़ा बयान, मैनेजमेंट को दी सलाह

Mohammad Kaif statement: भारत-इंग्लैंड दूसरे टी20 मैच में संजू सैमसन को बाहर करने पर पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भड़क गए हैं। उन्होंने ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर मिली हार के बाद टीम मैनेजमेंट की बड़ी गलती बताई है।
2 min read
Jul 06, 2026
High expectations from Vaibhav Suryavanshi and Shivam Dube in the fourth T20 in England
Vaibhav Suryavanshi - अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी (Photo - IANS)

Mohammad Kaif statement on Sanju Samson: इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड (मैनचेस्टर) के मैदान पर खेले गए दूसरे टी20 मैच में भारत को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने टीम इंडिया के सेलेक्टर्स और मैनेजमेंट पर बड़ा हमला बोला है। कैफ का मानना है कि संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन से बाहर करना और मैदान पर दोनों बाएं हाथ के (लेफ्ट-हैंडर) ओपनर्स को उतारना एक बहुत बड़ी रणनीतिक भूल थी। उन्होंने चेतावनी दी है कि टीम इंडिया वही पुरानी गलती दोबारा कर रही है, जो उसने टी20 वर्ल्ड कप के दौरान की थी।

बाएं हाथ वाली ओपनिंग जोड़ी पर उठाए सवाल

इस मैच में संजू सैमसन की जगह 15 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिला। वैभव ने 10 गेंदों में 14 रन बनाए, लेकिन वह इंग्लैंड के ऑफ-स्पिनर विल जैक्स का शिकार बन गए। कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'भारत वही गलती कर रहा है जो उसने वर्ल्ड कप में की थी। जब ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ओपनिंग कर रहे थे, तब विरोधी टीमें ऑफ-स्पिनर लगा देती थीं और हमारे खिलाड़ी आउट हो जाते थे। जब तक वर्ल्ड कप में भारत को एक बड़ी हार नहीं मिली, तब तक संजू को मौका नहीं दिया गया था।'

कैफ ने आगे कहा कि टॉप ऑर्डर में एक दाएं हाथ का (राइट-हैंडर) और एक बाएं हाथ का (लेफ्ट-हैंडर) बल्लेबाज होना बहुत जरूरी है। भारत के टॉप-7 बल्लेबाजों में सिर्फ एक राइट-हैंडर था, जिसका फायदा उठाकर ऑफ-स्पिनर विल जैक्स ने 3 ओवर में सिर्फ 22 रन दिए और मैच फंसा दिया।

संजू सैमसन को वापस लाने की वकालत

मोहम्मद कैफ ने संजू सैमसन का बचाव करते हुए कहा कि 2-3 खराब पारियों की वजह से उन्हें बाहर नहीं करना चाहिए था। संजू जब भी खेलते हैं, इसी अंदाज में खेलते हैं और जब उनका बल्ला चलता है, तो वह सीधे बड़ा शतक लगाते हैं।

कैफ ने सलाह दी कि भारत को संजू सैमसन को वापस ओपनिंग में लाना चाहिए। टीम में रोल क्लैरिटी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संजू को ओपनिंग करानी चाहिए और अभिषेक शर्मा या वैभव सूर्यवंशी में से किसी एक को नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिए भेजना चाहिए, तभी टीम में सही बैलेंस बन पाएगा।

Updated on:
06 Jul 2026 04:58 pm
Published on:
06 Jul 2026 04:58 pm