क्रिकेट

U19 World Cup जीतने वाले पांच में से तीन कप्तानों को मिली है टीम इंडिया में एंट्री, एक ने सीनियर टीम की भी कमान संभाली

भारतीय अंडर-19 टीम ने पांच बार यह खिताब अपने नाम किया है। टीम को इस खिताब तक पहुंचाने वाले कुछ कप्तान ऐसे हैं, जिन्होंने भारत की अंतरराष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाई। वहीं कुछ कप्तान ऐसे भी हैं, जो टीम में अपनी जगह नहीं बना पाए।
3 min read
• •
Feb 06, 2026
india under 19 team
2022 की अंडर-19 वर्ल्ड कप चैंपियन भारतीय टीम (फोटो- IANS)

ICC U19 World Cup Winning Captains: आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप का फाइनल आज 6 फरवरी को भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। भारतीय टीम पहले ही इस खिताब को रिकॉर्ड पांच बार अपने नाम कर चुकी है। अब टीम की निगाह अपने छठे खिताब पर होगी। भारत को पांच बार खिताब जिताने वाले पांच ऐसे कप्तान हैं, जिनमें से कुछ ने तो भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिप्रजेंट किया वहीं कुछ टीम में अपनी जगह तक नहीं बना पाए। इन्हीं में से एक कप्तान तो आगे चलकर भारतीय टीम के भी कप्तान बने।

इन कप्तानों ने बनाई अपनी पहचान

भारत ने पहली बार साल 2000 में अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था, उस समय टीम के कप्तान मोहम्मद कैफ थे। कैफ आगे चलकर भारतीय टीम का भी हिस्सा बने और टीम के लिए अहम योगदान भी दिया। कैफ को उनकी नेट वेस्ट ट्रॉफी में खेली गई 87 रन की नाबाद पारी के लिए आज भी याद किया जाता है। उनकी फील्डिंग की जोंटी रोड्स से तुलना की जाती थी।

भारतीय टीम ने अपना दूसरा अंडर-19 खिताब साल 2008 में युवा विराट कोहली की कप्तानी में जीता था। कोहली ने इस खिताबी जीत में बल्ले से भी अहम योगदान दिया था। इसके बाद कोहली की भारतीय टीम में एंट्री हुई और वे आज तक टीम का हिस्सा हैं। कोहली ने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में भारत की कप्तानी भी की। आज क्रिकेट के दिग्गजों में कोहली का नाम शुमार है।

साल 2018 में भारत को अंडर-19 चैंपियन बनाने वाले पृथ्वी शॉ को भी भारतीय टीम में खेलने का मौका मिला। उन्होंने भी कोहली की ही तरह भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में बल्लेबाजी की। लेकिन खराब फॉर्म और फिटनेस के चलते वे अभी भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं।

ये चैंपियन कप्तान नहीं ढूंढ़ पाए टीम में जगह

2012 में भारत को अपना तीसरा खिताब दिलाने वाले उन्मुक्त चंद ऐसे अंडर-19 कप्तान हैं, जो टीम को खिताब दिलाने के बावजूद भारत की टीम में अपनी जगह सुनिश्चित नहीं कर सके। पहले उनकी तुलना विराट कोहली से की जाती थी, लेकिन वे कभी भी उस स्तर तक नहीं पहुंच पाए। भारतीय टीम में जगह नहीं मिल पाने के बाद उन्होंने भारत से क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया और अब यूएसए की टीम से खेलते हैं।

उन्मुक्त चंद की ही तरह यश धुल भी एक ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने साल 2022 में इंग्लैंड को हराकर भारत की अंडर-19 टीम को विश्व चैंपियन बनाया था। लेकिन इसके बावजूद वह अभी तक भारतीय टीम में अपनी जगह नहीं बना पाए हैं और टीम में स्थान के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

Updated on:
06 Feb 2026 11:22 am
Published on:
06 Feb 2026 11:22 am