क्रिकेट

अफगानिस्तान ने आयरलैंड वनडे सीरीज के लिए किया स्क्वाड का ऐलान, दिग्गज ऑलराउंडर को किया बाहर, नए कप्तान से साथ उतरेगी टीम

टीम से ड्रॉप किए गए खिलाड़ियों में सबसे बड़ा नाम पूर्व कप्तान अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी का है। वनडे और टेस्ट टीम का कप्तान बनने के बाद रहमत शाह की यह पहली सीरीज है।
2 min read
Jul 24, 2026
AFG vs UAE Match Highlights
अफगानिस्‍तान की टीम। (फोटो सोर्स: IANS)

Afghanistan squad for Ireland ODI: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने शुक्रवार को आयरलैंड के खिलाफ होने वाली 5 वनडे मैचों की सीरीज के लिए अफगानिस्तान स्कवॉड का ऐलान किया। रहमत शाह की कप्तानी में घोषित 15 सदस्यीय टीम से अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी को टीम से बाहर कर दिया गया है। वहीं बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी की टीम में वापसी हुई है।

कप्तानी से हटने के बाद भी शाहिदी टीम में

वनडे और टेस्ट टीम की कप्तानी से हाल ही में इस्तीफा देने वाले हशमतुल्लाह शाहिदी बतौर बल्लेबाज टीम में बने हुए हैं। वहीं, फजलहक फारूकी के साथ तेज गेंदबाजों यामीन अहमदजई और सलीम सफी को टीम में जगह दी गई है। टीम में स्टार लेग-स्पिनर राशिद खान, ओपनर और विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जदरान, ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई और ऑफ-स्पिनर एएम गजनफर शामिल हैं।

मोहम्मद नबी को नहीं मिली टीम में जगह

टीम से ड्रॉप किए गए खिलाड़ियों में सबसे बड़ा नाम पूर्व कप्तान अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी का है। इसके अलावा, भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा रहे तेज गेंदबाज फरीद मलिक और बिलाल सामी को लेग-स्पिनर कैस अहमद और पेसर बशीर अहमद के साथ रिजर्व लिस्ट में डाल दिया गया है।

रहमत शाह की बतौर कप्तान पहली सीरीज

वनडे और टेस्ट टीम का कप्तान बनने के बाद रहमत शाह की यह पहली सीरीज है। आयरलैंड के खिलाफ 5 वनडे मैचों की यह सीरीज 5 अगस्त से 15 अगस्त तक खेली जाएगी। शुरुआती दो मुकाबले (5 और 7 अगस्त) ब्रेडी के ब्रेडी क्रिकेट क्लब में होंगे, जबकि आखिरी तीन मुकाबले (10, 12 और 15 जुलाई) बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले जाएंगे। अफगानिस्तान ने आखिरी बार मार्च 2024 में आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेली थी। इस सीरीज को अफगान टीम ने 2-0 से जीता था।

अफगानिस्तान वनडे स्क्वॉड: रहमत शाह (कप्तान), इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, हशमतुल्लाह शाहिदी, दरविश रसूली, रहमानुल्लाह गुरबाज, अजमतुल्लाह उमरजई, नांग्याल खारोताई, राशिद खान, एएम गजनफर, यामीन अहमदजई, सलीम सफी, फजलहक फारूकी, जिया उर रहमान शरीफी।

रिजर्व: कैस अहमद, फरीद मलिक, बिलाल सामी, बशीर अहमद।

Updated on:
24 Jul 2026 07:01 pm
Published on:
24 Jul 2026 07:01 pm