24 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

छात्र आंदोलन पर अबतक कुछ नहीं बोले विराट कोहली, फर्जी पोस्ट हो रहा वायरल, अन्य एथलीट्स क्या बोले?

विराट का पोस्ट आधिकारिक अकाउंट जैसा दिखने के कारण हजारों लोगों ने इसे सही मानकर शेयर किया। लेकिन जांच में पता चला कि यह ट्वीट विराट कोहली के आधिकारिक अकाउंट से नहीं किया गया था। विराट कोहली ने अब तक पेपर लीक या छात्र आंदोलन को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Jul 24, 2026

Virat Kohli

पूर्व क्रिकेटर विराट कोहली (फोटो- IANS)

Virat Kohli NEET paper leak: नीट पेपर लीक मामले को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। छात्र सड़कों पर उतरे हुए हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर कई पूर्व क्रिकेटरों और बॉलीवुड सेलिब्रिटीज ने अपनी राय व्यक्त की है। कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर छात्रों का समर्थन जताया है। इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में दावा किया गया है कि कोहली ने छात्रों के समर्थन में निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता की मांग की है।

हालांकि, फैक्ट चेक में यह दावा पूरी तरह गलत साबित हुआ है। विराट कोहली के नाम से 'एक्स' (पूर्व ट्विटर) पर लिखा गया था, “छात्र एक निष्पक्ष व्यवस्था, पारदर्शी परीक्षाओं और योग्यता पर आधारित भविष्य के हकदार हैं। छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि अधिकारी उनकी शिकायतों के समाधान के लिए तत्काल और सार्थक कदम उठाएंगे। हमारे देश का भविष्य न्याय, पारदर्शिता और जवाबदेही का हकदार है।”

यह पोस्ट आधिकारिक अकाउंट जैसा दिखने के कारण हजारों लोगों ने इसे सही मानकर शेयर किया। लेकिन जांच में पता चला कि यह ट्वीट विराट कोहली के आधिकारिक अकाउंट से नहीं किया गया था। विराट कोहली ने अब तक पेपर लीक या छात्र आंदोलन को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है।

अन्य खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया

खिलाड़ियों की बात करें तो सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह, इरफान पठान, शुभमन गिल, मनु भाकर, युवराज सिंह और शिखर धवन जैसे दिग्गज इस मुद्दे पर अपनी राय रख चुके हैं। इरफान पठान ने छात्रों के पक्ष में कहा, “हर छात्र बेहतर भविष्य के लिए वर्षों तक कड़ी मेहनत करता है और इस दौरान उनके परिवार भी कई तरह के त्याग करते हैं। किसी भी पेपर लीक की वजह से उनकी यह उम्मीद कभी नहीं टूटनी चाहिए। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारा देश और संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक छात्र को बराबरी का मौका मिले। मुझे यह भी उम्मीद है कि ऐसा दोबारा कभी न हो, इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।”

वहीं हरभजन सिंह ने इस मुद्दे पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। हरभजन ने एक्स पर लिखा, “सोनम वांगचुक जी को अपना अनशन समाप्त करते देखकर खुशी हुई। गतिरोध के बजाय बातचीत और बंटवारे के बजाय आपसी भरोसा हमेशा बेहतर रास्ता होता है। बेहतर शिक्षा का सपना देखने वाला हर छात्र एक मजबूत भारत का सपना देख रहा है। आइए, हम सहानुभूति के साथ सुनें, बातचीत करें और स्थायी समाधान की दिशा में मिलकर काम करें। हमारे युवा इससे कम के हकदार नहीं हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि हम मिलकर ऐसा समाधान निकालेंगे जो हमारे युवाओं और देश के सर्वोत्तम हित में हो। जय हिंद।”