
पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह (photo - IANS)
Harbhajan Singh Trolled: नीट पेपर लीक मामले को लेकर राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर समेत देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं। छात्र सड़कों पर उतरे हुए हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने इस मुद्दे पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
हरभजन ने एक्स पर लिखा, “सोनम वांगचुक जी को अपना अनशन समाप्त करते देखकर खुशी हुई। गतिरोध के बजाय बातचीत और बंटवारे के बजाय आपसी भरोसा हमेशा बेहतर रास्ता होता है। बेहतर शिक्षा का सपना देखने वाला हर छात्र एक मजबूत भारत का सपना देख रहा है। आइए, हम सहानुभूति के साथ सुनें, बातचीत करें और स्थायी समाधान की दिशा में मिलकर काम करें। हमारे युवा इससे कम के हकदार नहीं हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि हम मिलकर ऐसा समाधान निकालेंगे जो हमारे युवाओं और देश के सर्वोत्तम हित में हो। जय हिंद।”
हरभजन ने अपने इस पोस्ट का कमेंट सेक्शन बंद रखा, जिसके बाद यूजर्स ने पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा, “मालिक कमेंट सेक्शन तो खोलो, जरा सुनो तो जनता आपके बारे में क्या सोचती है।” दूसरे ने कहा, “अगर आप इतने सच्चे इंसान हैं तो कमेंट सेक्शन क्यों बंद किया है?” एक अन्य यूजर ने लिखा, “आप आलोचना से डरते हैं, इसलिए कमेंट सेक्शन बंद कर दिया।” गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद रहे हरभजन सिंह ने हाल ही में आप का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थामा है।
नीट पेपर लीक को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। कॉकक्रोच जनता पार्टी (CJP) पिछले एक महीने से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है, जहां सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे थे। 18 जुलाई की सुबह दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। उस समय वे लगातार 21 दिनों से अनशन पर थे। 20 जुलाई को पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई बार झड़प हुई।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने घोषणा की कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित किए जाएंगे। साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि “युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
Updated on:
24 Jul 2026 04:42 pm
Published on:
24 Jul 2026 04:42 pm
