मोहम्मद शमी को 9 मार्च 2025 के बाद से भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। इस दौरान टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्डकप और एशिया कप जैसे बड़े टी20 टूर्नामेंट खेला है।
Mohammad Shami on Retirement: टीम इंडिया के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) पिछले एक साल से टीम में जगह नहीं बना पा रहे हैं। आईसीसी मेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2025 (ICC Champions Trophy 2025) के बाद चोट की वजह से उन्हें टीम इंडिया (Team India) से बाहर होना पड़ा था। इसके बाद फिट होने के बावजूद वह टीम में वापसी के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया और मीडिया के सामने आकर इस पर खुलकर बात भी की, लेकिन इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने कोई खास ध्यान नहीं दिया।
टी20 वर्ल्डकप 2026 (ICC T20 World Cup) खत्म हो गया, एशिया कप (Asia Cup 2025) भी समाप्त हो गया, लेकिन मोहम्मद शमी टीम से बाहर ही रहे। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) से लेकर रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) तक में अपनी फिटनेस का सबूत दिया, लेकिन इससे भी चयनकर्ताओं पर कोई असर नहीं पड़ा।
इसके बाद से उनके रिटायरमेंट को लेकर सवाल उठने लगे। हाल ही में मोहम्मद शमी एक पॉडकास्ट में आए और उन्होंने अपने रिटायरमेंट को लेकर खुलकर बात की। जब उनसे इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “जब मैं थक जाऊंगा, उसी दिन क्रिकेट छोड़ दूंगा। लेकिन अभी मैं रिटायरमेंट के बारे में सोच भी नहीं रहा हूं, क्योंकि ऐसी सोच आपको पीछे खींचती है। मैंने पहले भी कहा है कि जिस दिन मैं सुबह उठकर महसूस करूंगा कि मैं बोर हो गया हूं, उसी दिन क्रिकेट छोड़ दूंगा।”
आपको बता दें कि मोहम्मद शमी ने भारत के लिए आखिरी मैच 9 मार्च 2025 को खेला था, जो चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल था, जहां भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था। शमी 2023 से टेस्ट टीम से बाहर हैं, जबकि उन्होंने 2 फरवरी 2025 को आखिरी टी20 मुकाबला खेला था। शमी को टीम से बाहर हुए एक साल हो चुका है, लेकिन उनकी वापसी को लेकर अभी कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।
आपको बता दें कि मोहम्मद शमी ने अब तक भारत के लिए 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने टेस्ट में 239, वनडे में 206 और टी20 में 27 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा, वह 119 आईपीएल मुकाबले भी खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम 133 विकेट दर्ज हैं