IPL 2026, MS Dhoni: IPL 2026 शुरू होने से पहले ही CSK के लिए आई बुरी खबर! पिंडली की चोट ने बढ़ाई धोनी की मुश्किलें, शुरुआती 2 हफ्ते रहेंगे बाहर। आखिर क्यों इरफान पठान और आकाश चोपड़ा मान रहे हैं कि संजू सैमसन संभालेंगे माही की विरासत?
IPL 2026, MS Dhoni ruled out: IPL 2026 का रोमांच शुरू होने वाला है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस के लिए एक चिंताजनक खबर आ रही है। खबर है कि महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) अपनी पिंडली की मांसपेशी (काफ मसल्स) में खिंचाव की वजह से अभी रिहैबिलिटेशन में हैं। इस चोट के कारण अब एम एस धोनी IPL 2026 के शुरुआती दो हफ्ते नहीं खेल पाएंगे।
आज सीजन का पहला मैच RCB और SRH के बीच है, जबकि CSK का पहला मुकाबला सोमवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा। मैच से पहले ही क्रिकेट के दिग्गजों के बीच माही के रोल को लेकर बहस छिड़ गई है।
पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर का मानना है कि इस सीजन में धोनी नंबर-6 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। जाफर ने याद दिलाया कि पिछले साल धोनी ने ज्यादातर 7 या 8 नंबर पर बैटिंग की थी और सिर्फ 196 रन बनाए थे। हालांकि, उनका अनुभव टीम के लिए हमेशा की तरह जीत का मंत्र साबित हो सकता है।
वहीं, इरफान पठान की राय थोड़ी अलग है। उनका कहना है कि धोनी को बैटिंग में थोड़ा ऊपर आना चाहिए ताकि उन्हें आखिरी के 4-5 ओवर खेलने का मौका मिले।
दिग्गज कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने फिटनेस की तुलना करते हुए कहा कि इस सीजन में धोनी और रोहित के मुकाबले विराट कोहली का प्रदर्शन बेहतर रहेगा। धोनी के बारे में उन्होंने कहा, 'धोनी 40 साल से ज्यादा के हो चुके हैं। 10 महीने तक कोई मैच न खेलना और फिर सीधे IPL जैसी बड़ी लीग में आकर लय पकड़ना बहुत मुश्किल है। खासकर तब जब आपको सिर्फ 10-12 गेंदें खेलने को मिलती हों और साथ में 20 ओवर कीपिंग भी करनी हो।'
इरफान पठान ने एक बड़ी बात कही है। उनका मानना है कि अब समय आ गया है जब धोनी को अपनी जिम्मेदारी किसी और को सौंप देनी चाहिए। पठान के अनुसार, संजू सैमसन धोनी की जगह लेने के लिए सबसे सही खिलाड़ी हैं। सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे हैं। CSK ने उन्हें बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज टीम में शामिल किया है।
इरफान ने कहा, 'धोनी खुद चाहेंगे कि संजू जैसे काबिल खिलाड़ी को कप्तानी सौंपी जाए। संजू के आने के बाद धोनी अब यह कह सकते हैं कि शायद अब समय आ गया है।'
इरफान पठान ने यह भी कहा कि उम्र के साथ धोनी की मैच फिनिश करने की काबिलियत थोड़ी कम हुई है। उन्होंने संदीप शर्मा वाले मैच का उदाहरण दिया जहां धोनी मैच को अंत तक तो ले गए लेकिन खत्म नहीं कर पाए। उनका सुझाव है कि धोनी को सिर्फ 2 ओवर का खिलाड़ी बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि ज्यादा जिम्मेदारी लेकर 4-5 ओवर बल्लेबाजी करनी चाहिए। अब सबकी नजरें 30 मार्च को गुवाहाटी में होने वाले CSK बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच पर टिकी हैं।