
नई दिल्ली। भारत को टी-20 में वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी पर अब कई पूर्व दिग्गजों का ऐतबार नहीं रहा। धोनी के साथ खेलने वाले कई दिग्गज क्रिकेटरों ने टीम में धोनी की मौजूदगी पर सवाल खड़े किए है। टीम के पूर्व तेज गेंदबाज अजित अगरकर और लंबे समय तक भारतीय बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ माने जाने वाले वीवीएस लक्ष्मण का मानना है कि अब टीम चयन समिति को टी-20 के लिए धोनी का विकल्प तलाशना शुरू कर देना चाहिए। बता दें न्यूजीलैंड के खिलाफ राजकोट में खेले गए मुकाबले में टीम की हार के लिए कई लोगों ने धोनी को जिम्मेदार ठहराया था।
क्या कहा अगरकर ने
अजित अगरकर ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से बात करते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है कि कम से कम टी20 में भारतीय टीम धोनी का विकल्प तलाशे, भले ही वनडे क्रिकेट में अभी धोनी फिट हैं। अगरकर ने टी-20 क्रिकेट में धोनी की जगह पर किसी युवा खिलाड़ी को लेने की वकालत भी की। अगरकर ने कहा कि वनडे क्रिकेट से अलग धोनी के स्थान पर किसी युवा को आजमाया जा सकता है, क्योंकि टी20 क्रिकेट में युवाओं के पास अच्छा अनुभव है।
लक्ष्मण ने दी यह सलाह
पूर्व बल्लेबाज़ लक्ष्मण ने धोनी के करियर पर कहा कि टारगेट का पीछा करते हुए नंबर चार की पोजिशन पर बल्लेबाज़ी करना अधिक मेहनत की मांग करता है। जिसके लिए धोनी को अधिक कड़ी मेहनत करने की ज़रूरत है। लक्ष्मण ने कहा कि टी20 क्रिकेट में धोनी का रोल नंबर चार पर बल्लेबाज़ी करना है, उन्हें और अधिक समय की ज़रूरत है जिससे वो मैदान पर उतरकर अपना योगदान दे सकें।
धोनी की यह तस्वीर हुई थी वायरल
राजकोट टी-20 के दौरान धोनी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी। इसमें धोनी स्टंप आउट होने से बचने की जुगत में लगे थे। इस तस्वीर पर लोगों ने खूब मजे लिए थे। लोगों का कहना था कि धोनी अपने करियर को भी ऐसे ही खिंच रहे है। हालांकि तमाम सवालों के बीच राजकोट में धोनी ने अच्छी पारी खेली थी। धोनी ने 37 गेंदों में 2 चौका और 3 सिक्स की बदौलत 49 रनों की जोरदार पारी खेली थी।