
Vaibhav Sooryavanshi, India vs Ireland T20 Series: आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में मिली हार के बाद 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने की मांग जोरों पर है। वैभव को पहले मैच के लिए प्लेइंग-11 में जगह नहीं दी गई थी, जिसके बाद अब उनके समर्थकों और क्रिकेट विशेषज्ञों की तरफ से उन्हें टीम में शामिल करने की आवाज तेज हो गई है।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में वैभव ने 16 मैचों की 16 पारियों में 48.50 की बेहतरीन औसत से 776 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा। वैभव ने इस सीजन पांच अर्धशतक और एक शतक जड़ा था। जिसके बाद उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड टूर के लिए भारतीय टीम में चुना गया।
आयरलैंड के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुए। अभिषेक शर्मा ने 20 गेंदों में 49 रनों की पारी खेली। उनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया सैमसन (5), ईशान किशन (1) कप्तान श्रेयस अय्यर (3) तिलक वर्मा (19), शिवम दुबे (25), और अक्षर पटेल (15) बनाकर आउट हुए। बावजूद इसके पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का कहना है कि वैभव को अभी टीम इंडिया में जगह नहीं मिलनी चाहिए।
अपने यूट्यूब चैनल 'ऐश की बात' पर अश्विन ने कहा, "अभी वैभव सूर्यवंशी के लिए टीम में जगह नहीं है। अगर उन्हें खेलना ही है तो सिलेक्टर्स उसे जिम्बाब्वे टूर पर भेजें, जहां मौजूदा ओपनर्स नहीं होंगे। लेकिन ऐसा लगता नहीं है।” अश्विन ने आगे कहा कि ये वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी का साल है। संजू सैमसन टेस्ट और वनडे टीम में नहीं हैं, अभिषेक शर्मा भी नहीं हैं। अगर इन टी20 स्पेशलिस्टों को भी मौका नहीं मिलेगा तो वे खेलेंगे कहां? टीम किसी एक खिलाड़ी के लिए नहीं बनाई जाती। गौतम गंभीर ने टीम फर्स्ट की बात कही है, सुपरस्टार कल्चर नहीं होना चाहिए। अभिषेक और संजू ने क्या गलती की है कि उनमें से किसी को बिठाकर वैभव को खेलाया जाए? दोनों पिछले कुछ सालों से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। संजू ने वर्ल्ड कप में भी अच्छा बैटिंग की थी।”
अश्विन ने कहा कि शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने भी आईपीएल में ओपनिंग करते हुए रन बनाए हैं। पांच ओपनर्स को रोटेशन में खेलना चाहिए। अश्विन ने आगे कहा, "वैभव बहुत बड़ा एंटरटेनर है, उन्हें खेलना चाहिए, लेकिन किसी की कीमत पर नहीं। डगआउट में बैठकर भी बहुत कुछ सीखा जा सकता है।"
दिग्गज गेंदबाज ने कहा, "मैं क्या बोल रहा हूं बहुत बार क्रिकेटिंग टीम्स में बाहर बैठ के मैच देखने के लिए भी वैल्यू है। उसको बाहर बैठने दो, टीम को सर्विस करने दो, सेवा करने दो, पानी पिलाने दो, उसमें भी सीखने के लिए बहुत सारी चीजें मिलेंगी।" अश्विन ने कहा, "बड़ा खिलाड़ी रातोंरात नहीं बनता। हो सकता है एक बार टीम में आने के बाद वो कभी ड्रॉप ही न हो। सचिन तेंदुलकर के साथ ऐसा हुआ था, वैभव के साथ भी हो सकता है। लंबी करियर की संभावना है, तो कुछ मैच में बैठने में कोई हर्ज नहीं।"
सचिन तेंदुलकर 16 साल 205 दिन की उम्र में डेब्यू करके अभी तक सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी हैं। वैभव अगले साल 16 साल के होंगे और अगर डेब्यू होता है तो वो रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।