क्रिकेट

IND vs NZ 2nd T20I: सूर्या-ईशान की फिफ्टी से भारत की न्यूजीलैंड पर लगातार दूसरी जीत

भारत ने सीरीज के दूसरे T20 इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया। भारत की इस जीत में ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने शानदार अर्द्धशतक लगाए।

2 min read
Jan 23, 2026
भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव (Photo- BCCI@X)

IND vs NZ 2nd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। यहां खेले गए मुकाबले में ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने मेहमान न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया। इसके साथ भारत ने टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन बनाए, जवाब में भारत ने 15.2 ओवर में 3 विकेट पर 209 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

ये भी पढ़ें

BBL में चटकाए सबसे ज्यादा विकेट, फिर भी पाकिस्तान ने किया बाहर, 103.06 के स्ट्राइक रेट वाले बाबर को मिली जगह

सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन के तूफानी अर्द्धशतक

न्यूजीलैंड से जीत के लिए मिले 209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। छह रन के स्कोर पर टीम को संजू सैमसन (6) और अभिषेक शर्मा (0) के रूप में दो बड़े झटके लगे। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने तीसरे विकेट के लिए ताबड़तोड़ 48 गेंद में 122 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल से उबारा। ईशान किशन 32 गेंद में 11 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर आउट हुए। ईशान के बाद शिवम दुबे और सूर्यकुमार यादव मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और चौथे विकेट के लिए 37 गेंद में 81 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को 15.2 ओवर में जीत दिला दी। शिवम दुबे 18 गेंद में 1 चौका और 3 छक्कों की मदद से 36 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 37 गेंद में 9 चौकों और 4 छक्के की मदद से नाबाद 82 रन बनाए।

मिचेल सैंटनर और रचिन रवींद्र अर्द्धशतक से चूक गए

इससे पहले न्यूजीलैंड को भारत से टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करना पड़ा। ओपनर डेवोन कॉन्वे और टिम सीफर्ट ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने 3.2 ओवर में पहले विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की। डेवोन कॉन्वे (19 रन) के आउट होने के बाद टिम सीफर्ट (24 रन) भी 4.2 ओवर में आउट हो गए। इसके बाद रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स ने तीसरे विकेट के लिए 27 गेंदों में 55 रन जोड़े। टीम का तीसरा विकेट 8.5 ओवर में ग्लेन फिलिप्स (19 रन) के रूप में गिरा।

फिलिप्स के बाद रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल ने 16 गेंदों में 27 रन की पार्टनरशिप की। दोनों की यह साझेदारी 12वें ओवर में टूटी। डेरिल मिचेल 11 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए। अभी टीम के स्कोर में 4 रन ही जुड़ सके थे कि रचिन रवींद्र भी 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर चलते बने। रचिन रवींद्र अर्द्धशतक (44 रन, 26 गेंद, 2 चौके और 4 छक्के) से चूक गए। वहीं, मार्क चैपमैन 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान मिचेल सैंटनर ने मोर्च संभाला। उन्होंने 27 गेंद में 6 चौकों और 1 छक्का की मदद से नाबाद 47 रन की पारी खेली और अपनी टीम के स्कोर को निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन तक पहुंचाया। न्यूजीलैंड के ज़ैक फॉल्क्स 8 गेंदों में 15 रन बनाकर नॉट आउट रहे।

कुलदीप यादव ने चटकाए 2 विकेट

भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने 2 विकेट चटकाए, जबकि हार्दिक पंड्या, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली। न्यूजीलैंड की तरफ से मैट हेनरी, जैकब डफी और ईश सोढ़ी ने 1-1 विकेट लिए।

Updated on:
24 Jan 2026 12:04 am
Published on:
23 Jan 2026 10:59 pm
Also Read
View All

अगली खबर