क्रिकेट

विश्व कप 2019 : अब तक लगे हैं सिर्फ दो दोहरे शतक, पांच सबसे बड़ी पारियों में सौरभ गांगुली का भी नाम

मार्टिन गुप्टिल इस लिस्ट में हैं पहले स्थान पर सिर्फ एक भारतीय है इस लिस्ट में बतौर कप्तान सबसे बड़ी निजी पारी का रिकॉर्ड विव रिचर्ड्स के नाम
2 min read
highest individual score in world cup history
विश्व कप 2019 : अब तक लगे हैं सिर्फ दो दोहरे शतक, पांच सबसे बड़ी पारियों में सौरभ गांगुली का भी नाम

नई दिल्ली : करीब पांच दशक से एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला जा रहा है, लेकिन पहले चार दशक तक एक भी दोहरा शतक नहीं लगा था। एकदिवसीय क्रिकेट में पहला दोहरा शतक लगाने का श्रेय भारत के मास्टर बलास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने उन्होंने 2010 में ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 200 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद मात्र एक दशक में अब तक 8 दोहरे शतक लग गए हैं, इनमें से तीन दोहरे शतक तो भारत के रोहित शर्मा के नाम हैं। लेकिन विश्व कप में अब तक सिर्फ दो दोहरे शतक लगे हैं और इसमें कोई भी भारतीय नहीं है। अगर बात करें विश्व कप की पांच बड़ी पारियों की तो उसमें भी सिर्फ एक भारतीय सौरभ गांगुली का नाम है। आइए जानते हैं विश्व कप की पांच बड़ी पारियों के बारे में-

मार्टिन गुप्टिल, न्यूजीलैंड
विश्व कप की सबसे बड़ी पारी पिछले विश्व कप में ही आई है। न्यूजीलैंड-आस्ट्रेलिया में खेले गए विश्व कप में न्यूजीलैंड के ओपनर बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल ने 22 मार्च 2015 को वेलिंगटन क्रिकेट ग्राउंड पर बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ 163 गेंदों की अपनी पारी में 24 चौके ओर 11 छक्के की मदद से 237 रन की नाबाद पारी खेली थी।

क्रिस गेल, वेस्टइंडीज
विश्व कप में जो एक और दोहरा शतक बना है, वह भी 2015 में ही बना है। यह विश्व कप में बना पहला दोहरा शतक भी है। वेस्टइंडीज के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल ने विश्व कप में मार्टिन गुप्टिल के दोहरा शतक लगाने से तकरीबन एक महीने पहले 24 फरवरी 2015 को केनबरा (आस्ट्रेलिया) के मनुका ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलते हुए 147 गेंदों पर 10 चौके और 16 छक्के की मदद से 215 रनों की ऐतिहासिक इनिंग्स खेली थी।

गैरी कर्स्टन, दक्षिण अफ्रीका
इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के दिग्गज बल्लेबाज गैरी कर्स्टन का नाम है। उन्होंने 16 फरवरी 1996 को रावलपिंडी (पाकिस्तान) में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ खेलते हुए 159 गेंदों पर 13 चौके और 4 छक्के की मदद से 188 रन की नाबाद पारी खेली थी। बता दें कि गैरी कर्स्टन टीम इंडिया के कोच भी रह चुके हैं।

सौरभ गांगुली, भारत
सौरभ गांगुली इस लिस्ट में इकलौते भारतीय हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने 1999 के विश्व कप में टांटन (इंग्लैंड) में 26 मई को श्रीलंका के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए 158 गेंदों पर 183 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने 17 चौके और 7 छक्के लगाए थे।

सर विवियन रिचर्ड्स, वेस्टइंडीज
कैरिबियाई मध्यक्रम और विश्व का धुरंधर मध्यक्रम का यह बल्लेबाज इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर है। महान बल्लेबाज विव रिचर्ड्स ने 1987 के विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ कराची (पाकिस्तान) में 13 अक्टूबर को 125 गेंदों की अपनी पारी में 181 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 16 चौके और 7 छक्के लगाए थे। इस विश्व कप में वह अपनी टीम के कप्तान भी थे और विश्व कप में बतौर कप्तान खेली गई यह सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी भी है।

Published on:
29 Apr 2019 07:05 am