
एशियन कुश्ती चैम्पियनशिप : हरप्रीत और ज्ञानेंदर ने भारत को दिलाया रजत और कांस्य पदक
जियान : चीन के जियान शहर में चल रहे एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप के आखिरी दिन भारतीय पहलवानों ने अपनी झोली में एक रजत और एक कांस्य पदक और डाले। इसी के साथ 30 सदस्यीय भारतीय दल ने एक स्वर्ण समेत कुल 16 पदक इस प्रतियोगिता में हासिल किए। इनमें से एक स्वर्ण, ती रजत और 8 कांस्य पदक फ्री स्टाइल पहलवानों ने अपने नाम किए तो ग्रीको रोमन पहलवानों के हिस्से तीन रजत और एक कांस्य आया।
चैम्पियनशिप के ग्रीको रोमन वर्ग में भारत का यह अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। पिछले साल इस वर्ग में भारत को सिर्फ दो कांस्य पदक मिला था।
आज हरप्रीत और ज्ञानेंदर ने भारत को अपने-अपने भारवर्ग में भारत को क्रमश: रजत और कांस्य पदक दिलाया।
हरप्रीत को रजत
टूर्नामेंट के आखिरी दिन ग्रीको रोमन पहलवान हरप्रीत सिंह ने ग्रीको रोमन वर्ग के 82 किग्रा भारवर्ग के फाइनल मुकाबले में पूर्व विश्व चैंपियन ईरान के सईद मुराद के हाथों 0-8 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। हरप्रीत का एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में यह पहला रजत पदक और कुल चौथा पदक है। इससे पहले इस टूर्नामेंट में वह लगातार तीन बार कांस्य पदक जीत चुके हैं।
हरप्रीत ने क्वार्टर फाइनल में किर्गिस्तान के बुर्गो बिश्लीव को 5-1 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में उन्होंने चीन को हैताओ क्यान को 10-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
ज्ञानेंदर को मिला कांस्य
इससे पहले आज ही हुए एक और मुकाबले में ग्रीको रोमन स्पर्धा के 60 किग्रा वर्ग में ज्ञानेंदर ने कांस्य पदक मुकाबले में ताइपे के जुई ची हुआंग को 9-0 से हराकर पदक अपने नाम किया। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में उन्होंने जॉर्डन के अली आबेद अलनासेर अली अबुसिफ को 9-1 से हराया था। सेमीफाइनल में वह उज्बेकिस्तान के इसलोमजोन बाखरामोव से 0-9 से हार गए। इसके बाद रेपचेज खेलते हुए उन्होंने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
तीन पहलवान चूके
इन दोनों के अलावा आज भारत के तीन पहलवानों को खाली हाथ भी रहना पड़ा। ग्रीको रोमन स्पर्धा के 72 किग्रा भारवर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में भारतीय पहलवान योगेश को किर्गिस्तान के रूसलान त्सारेव ने हराया तो 67 किग्रा भारवर्ग में रविन्दर क्वालीफिकेशन मुकाबले में ही हारकर बाहर हो गए, जबकि 97 किग्रा भारवर्ग में हरदीप क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गए।
Updated on:
28 Apr 2019 09:15 pm
Published on:
28 Apr 2019 09:15 pm
