
Orange and Purple Cap Standings: बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच आईपीएल 2026 का 11वां मुकाबला खेला गया। इस मैच में आरसीबी ने 43 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही आरसीबी ने पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है। अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार तीन विकेट चटकाते हुए पर्पल कैप की दौड़ में लंबी छलांग लगाई है। इस शानदार प्रदर्शन के चलते वह टॉप-10 गेंदबाजें की सूची में 9वें स्थान पर पहुंच गए हैं। आइये इस मैच के बाद शीर्ष बल्लेबाजों और गेंदबाजों पर नजर डालते हैं।
सर्वाधिक रन बनाने वाले पांच बल्लेबाजों पर गौर करें तो दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी 2 मैचों में 160 रन बनाकर शीर्ष पर हैं। रिजवी के पास ऑरेंज कैप है। दूसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन हैं। क्लासेन ने 3 मैचों में 145 रन बनाए हैं। मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर हैं। रोहित ने 2 मैचों में 113 रन बनाए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने देवदत्त पड्डिकल 2 मैचों में 111 रन बनाकर चौथे और पंजाब किंग्स के कूपर कोनोली 2 मैचों में 108 रन बनाकर पांचवें स्थान पर हैं।
गेंदबाजों में राजस्थान रॉयल्स के रवि बिश्नोई ने 2 मैचों में 5, पंजाब किंग्स के विजय कुमार वैशाक ने 2 मैचों में 5, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के जैकब डफी ने 2 मैचों में 5 और चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज ने 3 मैचों में 5 विकेट लिए हैं। ये सभी गेंदबाज शीर्ष-4 में हैं। रवि बिश्नोई की इकॉनमी सबसे कम है इसलिए वह टॉप पर हैं। रवि के पास पर्पल कैप है। वहीं, चार-चार विकेट लेने वाले टी नटराजन, प्रिंस यादव, हर्ष दुबे, लुंगी एंगिडी, भुवनेश्वर कुमार और प्रसिद्ध कृष्णा क्रमश: पांचवें से दसवें पायदान पर हैं।
आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) 2 मैच में 2 जीत के साथ पहले स्थान पर है। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) 2 मैच में 2 जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। दिल्ली कैपिटल्स 2 मैच में 2 जीत के साथ तीसरे स्थान पर है। पंजाब किंग्स 2 मैच में 2 जीत के साथ चौथे स्थान पर है।
सनराइजर्स हैदराबाद 3 मैचों में 1 जीत के साथ पांचवें, मुंबई इंडियंस 2 मैचों में 1 जीत के साथ छठे, लखनऊ सुपर जायंट्स 2 मैचों में 1 जीत के साथ सातवें स्थान पर है। गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स अपने शुरुआती 2-2 मैच गंवाकर क्रमशः आठवें और नौवें स्थान पर हैं। चेन्नई सुपर किंग्स अपने 3 मैच गंवाकर दसवें स्थान पर है।