New Zealand vs Pakistan: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप सुपर 8 का पहला मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
T20 World Cup 2026, Super 8: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले शुरू हो चुके हैं और पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने हैं। यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। पाकिस्तान की टीम में एक बड़ा बदलाव किया गया है और फखर जमान की प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई है। इसके अलावा न्यूजीलैंड ने भी तीन बड़े बदलाव किए हैं, जिनमें ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन के साथ-साथ कप्तान मिचेल सैंटनर की भी प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई है।
टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी और लॉकी फर्ग्यूसन।
साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमान, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा और उस्मान तारिक।
आपको बता दें कि पहले राउंड में न्यूजीलैंड की टीम ग्रुप डी में साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा के साथ थी। न्यूजीलैंड ने चार में से तीन मुकाबले जीते, जबकि एक मैच में उसे साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर पाकिस्तान की टीम ग्रुप में भारत, नीदरलैंड और नामीबिया के साथ रखी गई थी। पाकिस्तान ने भी अपने ग्रुप में चार मैच खेले, जिनमें उसे तीन में जीत मिली, जबकि एक मुकाबले में भारत के खिलाफ हार झेलनी पड़ी। दोनों टीमें अब सुपर 8 के ग्रुप 2 में मौजूद हैं और यहां तीन-तीन मुकाबले खेलेंगी। दोनों टीमों का लक्ष्य सुपर 8 ग्रुप 2 में टॉप-2 में बने रहना होगा।
अगर दोनों टीमों के रिकॉर्ड की बात की जाए तो टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमें अब तक सात मुकाबलों में आमने-सामने आ चुकी हैं, जहां पांच बार पाकिस्तान को जीत मिली है, जबकि सिर्फ दो बार ही न्यूजीलैंड जीत का स्वाद चख पाई है।