क्रिकेट

Pakistan T20 Squad: भारतीय टीम की ‘कॉपी’ करने लगा पाकिस्तान, एशियाई गेम्स के लिए चुनी बिना स्टार खिलाड़ियों वाली टीम

Pakistan T20 Squad: एशियाई गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम का ऐलान कर दिया है। इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान ने हुबहू भारतीय टीम की रणनीति अपनाई है। जानिए कैसे बाबर आजम की छुट्टी कर पीसीबी ने चला भारत जैसा दांव।

2 min read
Jun 10, 2026
Pakistan Asian Games 2026 Squad, Pakistan Cricket Team Copy India, Sahibzada Farhan Captain, Pakistan Cricket News
पाकिस्तान क्रिकेट टीम (Photo - IANS)

Pakistan T20 Squad: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने जापान में 19 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 तक होने वाले एशियाई गेम्स (Asian Games 2026) के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस स्क्वाड को देखकर साफ पता चलता है कि पाकिस्तान पूरी तरह से भारतीय क्रिकेट टीम के नक्शेकदम पर चल रहा है। खराब फॉर्म से जूझ रही पाकिस्तान टीम ने भारत की तरह बड़े और कड़े फैसले लेते हुए अपने स्क्वाड में बड़े बदलाव किए है।

कप्तानी में बड़ा फेरबदल

भारतीय टीम मैनेजमेंट ने जैसे टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को हटाकर श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया, ठीक वैसे ही पाकिस्तान ने भी किया है। पीसीबी ने सलमान अली आगा को कप्तानी से हटाने के साथ-साथ टीम से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया है। उनकी जगह साहिबजादा फरहान को नया कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि अब्दुल समद को उप-कप्तान की जिम्मेदारी मिली है।

अय्यर की तरह फरहान पर जताया भरोसा

भारत ने जिस तरह श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया, जो लंबे समय से टी20 इंटरनेशनल नहीं खेले थे, उसी तरह पाकिस्तान ने भी दांव खेला है। हालांकि, 30 साल के साहिबजादा फरहान इस युवा टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी है। उन्होंने टी20 विश्व कप 2026 में रिकॉर्ड तोड़ 383 रन बनाए थे, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है।

युवाओं को मिला मौका

टीम इंडिया ने जैसे अपने स्क्वाड में वैभव सूर्यवंशी और नितीश कुमार रेड्डी जैसे नए चेहरों को मौका दिया है, पाकिस्तान ने भी उसी राह पर चलते हुए चार अनकैप्ड खिलाड़ियों को शामिल किया है। आकिफ जावेद, अली रजा, माज सदाकत और साद मसूद को पहली बार टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने का मौका मिल सकता है। टीम के 14 खिलाड़ी लाहौर में 15 जून से शुरू हो रहे नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) के कैंप का हिस्सा है।

सीनियर खिलाड़ियों की छुट्टी

एशिया कप फाइनल और टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 में मिली हार के बाद पाकिस्तान ने बड़ा कदम उठाया है। भारत ने जैसे शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव जैसे दिग्गजों को एशियाई गेम्स के स्क्वाड में शामिल नहीं किया, वैसे ही पाकिस्तान ने बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, हारिस रऊफ, नसीम शाह और फखर जमान जैसे बड़े सितारों को बाहर रखा है।

पाकिस्तान से हुई एक बड़ी गलती

रणनीति कॉपी करने के चक्कर में पाकिस्तान से एक बड़ी चूक हो गई है। भारतीय टीम ने जहां अपने स्क्वाड में जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी और घातक तेज गेंदबाज को रीढ़ की हड्डी बनाकर रखा है, वहीं पाकिस्तान अपने स्क्वाड में एक भी स्थापित और सीनियर तेज गेंदबाज को शामिल करना भूल गया। यह कमी उन्हें जापान के मैदानों पर भारी पड़ सकती है।

एशियाई गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान का स्क्वाड

साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद (उप-कप्तान), अबरार अहमद, अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, अली रजा, अराफात मिन्हास, हैदर अली, हसन नवाज, माज सदाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साद मसूद, सईम अयूब, सुफयान मोकिम और उस्मान खान (विकेटकीपर)।