क्रिकेट

विमेंस टी20 वर्ल्‍ड कप में पाकिस्‍तान के नाम दर्ज हुआ सबसे ज्‍यादा रन आउट का शर्मनाक रिकॉर्ड, जानें भारत का हाल

Pakistan shameful record: साउथ अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तान को 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में चार पाकिस्‍तानी खिलाड़ी रन आउट हुईं, जिसके चलते उसके नाम विमेंस टी20 वर्ल्‍ड कप में सबसे ज्‍यादा रन आउट का शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।

2 min read
Jun 18, 2026
Pakistan shameful record
पाकिस्‍तान महिला क्रिकेट टीम। (फोटो सोर्स: ESPNcricinfo)

Pakistan shameful record in Women's T20 World Cup: विमेंस टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 के 11वें मैच में साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान के खिलाफ 2 विकेट से शानदार जीत दर्ज की है। बर्मिंघम में एजबेस्टन के मैदान पर खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने प्रोटियाज टीम के सामने 127 रन का लक्ष्‍य रखा था, जिसे उसने 16.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। इस हार के साथ ही पाकिस्‍तान ने इस मैच में एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी बनाया है। अब वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्‍यादा रन आउट के मामलों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है।

रन भागने के मामले में पाकिस्‍तान सबसे फिसड्डी

साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में पाकिस्‍तान की चार खिलाड़ी रन आउट हुईं। सबसे पहले रमीन शमीम को 6 के निजी स्‍कोर पर रन आउट हुईं। इसके बाद इरम जावेद (11), नशरा संधू (0) और तुबा हसन 23 रन बनाकर रन आउट हुईं। विमेंस टी20 वर्ल्‍ड कप में इन चार रन आउट के साथ पाकिस्‍तान की अब तक 41 खिलाड़ी रन आउट हो चुकी हैं। इस मामले में उसने भारत को पीछे छोड़ा है।

भारत अब दूसरे पायदान पर

बता दें कि इस टी20 वर्ल्‍ड कप से पहले तक सबसे ज्‍यादा रन आउट का शर्मनाक रिकॉर्ड भारतीय महिला टीम के नाम दर्ज था। इस टूर्नामेंट के इतिहास में उसकी 40 खिलाड़ी रन आउट हो चुकी हैं। इस मामले में अब भारत दूसरे नंबर पर पहुंच गया। वहीं, 39 रन आउट के साथ श्रीलंका तीसरे नंबर पर तो वेस्‍टइंडीज की टीम 38 रन आउट के साथ चौथे स्‍थान पर है, जबकि ऑस्‍ट्रेलिया की महिला टीम 35 रन आउट के साथ पांचवें पायदान पर है।

10.4 ओवर में 50 के स्‍कोर पर गंवाए 8 विकेट

मैच की बात करें तो पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 126 रन बनाए। शुरुआत बेहद खराब रही, क्‍योंकि मुनीबा अली पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। 10.4 ओवर में पाकिस्‍तान का स्‍कोर 50/8 था, यहां से फातिमा सना ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और 38 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 55 रन बनाए। वहीं, तूबा हसन ने कप्तान का भरपूर साथ निभाया और 23 रनों की अहम पारी खेली। साउथ अफ्रीका की ओर से मारिजाने कैप ने सबसे ज्‍यादा 3 विकेट चटकाए।

ऐनरी ने खेली अर्धशतकीय पारी

127 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। कप्तान लौरा वोल्वार्ट (8), सुने लुस (5) और मारिजाने कैप 10 रन बनाकर आउट हुईं। एक छोर से विकेट गिरने के बावजूद ऐनरी डर्कसन ने दूसरे छोर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और 35 गेंदों गर 52 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, नादिन डे क्लार्क हे 28 गेंदों पर 37 रनों की अहम पारी खेली। इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गिरने पर एक समय पर पाकिस्तान की टीम हावी हो गई थी, लेकिन आखिर में प्रोटियाज टीम ने बाजी मार ली।

Published on:
18 Jun 2026 09:10 am