क्रिकेट

Asian Games 2026: सेमीफाइनल से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका, मुनीबा अली अचानक लौटीं घर

Muneeba Ali Return Pakistan: एशियन गेम्स 2026 में सेमीफाइनल से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है। मुनीबा अली मां की बीमारी के चलते स्वदेश लौट गई हैं और अब टूर्नामेंट में आगे नहीं खेलेंगी।
2 min read
Sep 17, 2026
Muneeba Ali update news
पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम की सदस्य मुनीबा अली। (Photo- IANS)

Muneeba Ali: जापान के आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 का आयोजन हो रहा है। पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे क्वार्टरफाइनल में थाइलैंड को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इस बीच, पाकिस्तानी टीम को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, टीम की अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज मुनीबा अली टूर्नामेंट के बीच में छोड़कर स्वदेश लौट गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, मां की तबीयत खराब होने के कारण मुनीबा को घर वापस लौटना पड़ा है। ऐसे में वह एशियन गेम्स में पाकिस्तान के बाकी मुकाबलों में हिस्सा नहीं लेंगी।

रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं

मुनीबा अली के टूर्नामेंट से बाहर होने के बावजूद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं करेगा। बोर्ड ने यह फैसला टूर्नामेंट के नॉकआउट फॉर्मेट और समय की कमी को देखते हुए लिया है। एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का यह टूर्नामेंट 22 सितंबर तक समाप्त हो जाएगा, ऐसे में किसी खिलाड़ी को बुलाने की प्रक्रिया में आने वाली लॉजिस्टिक चुनौतियों को देखते हुए रिप्लेसमेंट नहीं चुना गया है।

किसके कंधे पर होगी विकेट-कीपिंग की जिम्मेदारी?

मुनीबा की गैरमौजूदगी में गुल फिरोजा पाकिस्तान के लिए विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगी। उन्होंने थाईलैंड के खिलाफ पाकिस्तान के शुरुआती मुकाबले में भी विकेट के पीछे मोर्चा संभाला था। इस मुकाबले में फिरोजा ने पारी की शुरुआत भी की थी। हालांकि, हाल ही में दुबई में खेले गए एशिया कप में गुल फिरोजा पाकिस्तान की नंबर-3 बल्लेबाज थीं।

पाकिस्तान की अहम खिलाड़ियों में शामिल मुनीबा

मुनीबा पाकिस्तान टीम की सीनियर खिलाड़ियों में शामिल हैं। हालिया एशिया कप में वह पाकिस्तान की ओर से अर्धशतक लगाने वाली इकलौती बल्लेबाज थीं। जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में उन्होंने टीम की कप्तानी भी की थी। उस दौरान नियमित कप्तान फातिमा सना इंग्लैंड में द हंड्रेड टूर्नामेंट में बर्मिंघम फीनिक्स के लिए खेल रही थीं।

थाईलैंड के खिलाफ मिली थी रोमांचक जीत

पाकिस्तान ने एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ बारिश से प्रभावित क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत के साथ की। 11 ओवर के इस मुकाबले में पाकिस्तान को 92 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने तीन विकेट और दो गेंद शेष रहते हासिल किया। अब पाकिस्तान सेमीफाइनल में श्रीलंका और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से शनिवार को भिड़ेगा।