क्रिकेट

सुपर 8 का पहला ही मैच ड्रॉ, अब पाकिस्तान कैसे बनाएगा सेमीफाइनल में जगह?

ICC T20 World Cup 2026 Super 8: कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में शनिवार को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर 8 का पहला मुकाबला (Pakistan vs New Zealand) बिना एक भी गेंद फेंके बारिश की भेंट चढ़ गया।

3 min read
Feb 21, 2026
Picture Credits: ANI

ICC T20 World Cup 2026 Super 8: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 चरण का पहला मुकाबला (Pakistan vs New Zealand) बिना एक भी गेंद फेंके बारिश की वजह से रद्द हो गया। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस मैच में पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली अगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन इसके बाद मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। आईसीसी के नियमों के तहत सुपर 8 मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है, इसलिए मैच को रद्द कर दिया गया और दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया। जानिए इसके बाद पाकिस्तान को सेमीफाइनल का रास्ता बनाने के लिए किन चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।

ये भी पढ़ें

सुपर 8 के पहले ही मैच में टूटीं पाकिस्तान-न्यूजीलैंड के साथ फैंस की उम्मीदें, टॉस के बाद रद्द करना पड़ा मैच

पाकिस्तान के दो मुकाबले बाकी

पाकिस्तान का अगला मुकाबला 24 फरवरी को पल्लेकल में इंग्लैंड के खिलाफ है। इंग्लैंड टी20 वर्ल्ड कप की दो बार की चैंपियन टीम है, मगर इस टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। ग्रुप स्टेज में उन्हें वेस्टइंडीज से 30 रन से हार का सामना करना पड़ा था, तो नेपाल ने जीत के लिए पसीने छुड़ा दिए थे। यह पाकिस्तान के लिए एक मौका है, लेकिन पल्लेकल की पिच पर इंग्लैंड के क्लच प्लेयर्स और आक्रामक बल्लेबाजों के खिलाफ सतर्क रहना जरूरी होगी। पाकिस्तान के लिए यह मैच केवल जीतना नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीतना भी जरूरी होगा, क्योंकि अब नेट रन रेट की भूमिका अहम हो जाएगी।

28 फरवरी को उसी पल्लेकल स्टेडियम में पाकिस्तान की टक्कर मेजबान श्रीलंका से होगी। यह ग्रुप 2 का आखिरी मुकाबला होगा। श्रीलंका इस टूर्नामेंट में अपनी घरेलू परिस्थितियों का भरपूर फायदा उठा रही है। ग्रुप चरण में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सुपर 8 में जगह बनाई। पल्लेकल की पिच स्पिन फ्रैंडली मानी जाती है, जो दोनों टीमों के लिए बराबरी से चुनौतीपूर्ण होगी। यह मैच तब खेला जाएगा जब ग्रुप 2 के बाकी सभी मुकाबले हो चुके होंगे, यानी उस वक्त तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी होगी कि पाकिस्तान को मुकाबला कितने बड़े अंतर से जीतना होगा।

दूसरी टीमों के मैच पर भी रखनी होगी नजर

पाकिस्तान की सेमीफाइनल राह सिर्फ उनके अपने मैचों पर नहीं, बल्कि ग्रुप 2 के उन तीन मुकाबलों पर भी उतनी ही टिकी है जिनमें वे नहीं खेलेगी। 22 फरवरी को पल्लेकल में इंग्लैंड और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। यह ग्रुप 2 का दूसरा मैच है और पाकिस्तान के नजरिए से महत्वपूर्ण है। इंग्लैंड और श्रीलंका दोनों के अभी 0 अंक हैं। अगर इंग्लैंड यह मैच जीतते हैं, तो उनके दो अंक हो जाएंगे और 24 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ वे मोंमेंटम के साथ उतरेंगे। वहीं अगर श्रीलंका जीतती है, तो इंग्लैंड पर भी दबाव बनेगा और पाकिस्तान के लिए 24 फरवरी का मुकाबला थोड़ा और खुला हो जाएगा।

25 फरवरी को कोलंबो में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच मैच होगा। यहां पाकिस्तान किस नतीजे की उम्मीद करे, यह इस पर निर्भर करेगा कि 22 और 24 फरवरी के मैच के नतीजे क्या रहते हैं। अगर श्रीलंका ने 22 को इंग्लैंड को और 25 को न्यूजीलैंड को भी हरा दिया, तो श्रीलंका के चार अंक हो जाएंगे और वे सेमीफाइनल का टिकट लगभग सुरक्षित कर लेंगे। ऐसा होने पर पाकिस्तान के साथ दूसरी जगह के लिए सीधी टक्कर में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड बचेंगी।

नेट रनरेट पर फंस सकता है मामला

27 फरवरी को कोलंबो में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड का मुकाबला होगा। तब तक पाकिस्तान का इंग्लैंड से मैच खेला जा चुका होगा। अगर पाकिस्तान इंग्लैंड को 24 फरवरी को हरा देता है और इस मैच में भी इंग्लैंड न्यूजीलैंड से हार जाता है, तो इंग्लैंड के ज्यादा से ज्यादा दो अंक रहेंगे। ऐसी स्थिति में पाकिस्तान को 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ जीत के साथ पांच अंक मिलेंगे और उनका सेमीफाइनल में पहुंचना तय हो जाएगा। लेकिन अगर इंग्लैंड 27 को न्यूजीलैंड को हरा देते हैं, तो टेबल और उलझेगी और फिर फैसला नेट रन रेट से होगा।

ये भी पढ़ें

कोलंबो में खेलना न्यूजीलैंड-इंग्लैंड को पड़ेगा भारी! सेमीफाइनल की राह हो सकती है मुश्किल
Also Read
View All