क्रिकेट

एक हार के बाद ही पाकिस्तान ने बदल दी अपनी टीम, उंगली टूटने से शान मसूद हुए बाहर, इंग्लैंड दौरा भी खतरे में

Pakistan Cricket Team changes, Shan Masood injury update: त्रिनिदाद के ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट हारने के बाद पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है। उंगली में फ्रैक्चर के कारण शतकवीर शान मसूद पोर्ट-ऑफ-स्पेन में होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनके इंग्लैंड दौरे पर भी सस्पेंस बन गया है।
2 min read
Jul 31, 2026
Pakistan Cricket Team changes, Shan Masood injury update,
शान मसूद (Photo - X/@MSohailAfzal10)

Pakistan Cricket Team changes, Shan Masood injury update: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में करारी हार झेलने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। एक हार के बाद ही पाकिस्तान को अपनी टीम में मजबूरी में बदलाव करना पड़ रहा है। टीम के सबसे बेहतरीन फॉर्म में चल रहे बाएं हाथ के बल्लेबाज शान मसूद दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। यह दूसरा टेस्ट 2 से 6 अगस्त तक पोर्ट-ऑफ-स्पेन में खेला जाएगा।

मसूद को यह गंभीर चोट त्रिनिदाद के ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान लगी थी। पहली पारी में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 109 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थी। इसी दौरान कैरेबियाई तेज गेंदबाज जेडन सील्स की एक तेज गेंद उनके बाएं हाथ की तर्जनी (इंडेक्स फिंगर) पर जा लगी। बाद में स्कैन में उंगली फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई।

दूसरी पारी में जब पाकिस्तान बड़ी हार की कगार पर था, तब मसूद दर्द के बावजूद आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। हालांकि, वह सिर्फ 15 गेंद खेल सके और सील्स का ही शिकार बनकर 3 रन पर आउट हो गए। इस मैच में 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी पाकिस्तानी टीम 120 रन पर सिमट गई थी और उसे 90 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

इंग्लैंड दौरे से भी हो सकते हैं बाहर

पोर्ट-ऑफ-स्पेन टेस्ट के लिए मसूद की जगह टीम में अब्दुल्ला शफीक, सऊद शकील या ओवैस जफर में से किसी एक को शामिल किया जा सकता है। मसूद का चोटिल होना पाकिस्तान के लिए दोहरा झटका है क्योंकि टीम को अगले महीने इंग्लैंड का अहम दौरा करना है। तीन मैचों की यह टेस्ट सीरीज 19 अगस्त से शुरू हो रही है। ऐसे में मसूद के पास रिकवर होने के लिए बेहद कम समय बचा है और उनका इस दौरे पर जाना बहुत मुश्किल लग रहा है।

हार पर क्या बोले कप्तान बाबर आजम?

करारी हार के बाद दूसरी पारी में 58 रनों की नाबाद पारी खेलने वाले कप्तान बाबर आजम ने माना कि मसूद की चोट ने टीम को काफी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा, 'हां, शान मसूद की चोट ने हमें प्रभावित किया क्योंकि उनकी उंगली फ्रैक्चर है, इसलिए हमें निश्चित रूप से उनकी कमी खली।' बाबर ने अपनी बैटिंग लाइन-अप की नाकामी भी स्वीकार की। उन्होंने कहा, 'जब आप नई गेंद का सामना कर रहे हों, तो आपको पहले 20 ओवरों में टिकना होता है और साझेदारियां बनानी होती हैं। हमने पिछले कुछ दिनों में अच्छी क्रिकेट खेली, लेकिन आज हम एक बैटिंग यूनिट के तौर पर खरे नहीं उतरे। पिच अच्छी थी और हमें नई गेंद के स्विंग होने की उम्मीद थी, लेकिन विंडीज के गेंदबाजों ने परिस्थितियों का बेहतरीन इस्तेमाल किया। हम साथ बैठकर अपनी गलतियों पर चर्चा करेंगे और आगे सुधार सुनिश्चित करेंगे।'