तालिबान ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को यह भरोसा दिलाया था कि वो देश के क्रिकेट में दखल नहीं देगा। वहीं अब मौजूदा हालात की वजह से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच अगले महीने होने वाली वनडे सीरीज स्थगित कर दी गई है।
अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद वहां के हालात खराब हो गए हैं। हजारों की संख्या में लोग अपना देश छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं अब इसका असर क्रिकेट पर भी दिखाई देने लगा है। पहले कहा जा रहा था कि तालिबान के कब्जे के बाद भी क्रिेकेट पर कोई असर नहीं होगा। वहीं अब मौजूदा हालात की वजह से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच अगले महीने होने वाली वनडे सीरीज स्थगित कर दी गई है। तालिबान ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को यह भरोसा दिलाया था कि वो देश के क्रिकेट में दखल नहीं देगा। अब इस आगामी सीरीज को अगले वर्ष तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
अगले माह श्रीलंका में होनी थी सीरीज
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच वनडे सीरीज 3 सितंबर से श्रीलंका में होने वाली थी। अब यह संभव नहीं हो सकेगा। दरअसल, अफगानिस्तान के मौजूदा हालात के कारण काबुल से व्यावसायिक उड़ाने रद्द कर दी गई हैं। इस वजह से अफगानिस्तान बोर्ड को टीम को बाहर भेजने के लिए समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि इस बीच खबर आई थी कि अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम सड़क मार्ग से श्रीलंका जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
मौजूदा हालात में सीरीज का आयोजन संभव नहीं
रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ हामिद शिनवारी ने सीरीज के स्थगित होने की जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों की स्थिति और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट को स्थगित करने का आपसी सहमति से फैसला किया है। हालांकि इससे पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि सीरीज को पाकिस्तान शिफ्ट किया जाएगा, मगर शिनवारी ने कहा कि मौजूदा हालात में सीरीज का आयोजन संभव नहीं है।
आईसीसी को लूप में रखा
इसके साथ ही हामिद शिनवारी ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और श्रीलंका बोर्ड ने सीरीज की मेजबानी करने में मदद करने के लिए काफी सपोर्ट किया था, मगर मौजूदा स्थिति को देखते हुए सीरीज का आयोजन संभव नहीं है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच यह लीग 2023 वर्ल्ड कप के लिए आईसीसी क्वालिफाइंग लीग का हिस्सा है। शिनवारी ने बताया कि उन्होंने आईसीसी को लूप में रखा है और 2023 वर्ल्ड कप से पहले कोई संभावित तारीख देखेंगे।