
Pakistan Women's Cricket Team Wins Bronze Medal: पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम ने एशियाई गेम्स 2026 का ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। उसने बांग्लादेश को 31 रन से हराकर अपना पुराना हिसाब भी चुकता कर लिया। 2022 एशियन गेम्स (जो कोरोना की वजह से 2023 में आयोजित हुआ था) में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया था, लेकिन इस बार पाकिस्तान की टीम ने बांग्लादेश को हराया और ब्रॉन्ज मेडल छीन लिया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की महिला टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 145 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 114 रन बना सकी।
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और उनके बल्लेबाजों ने उनके फैसले को सही साबित कर दिया। शावल जुल्फिकार और गुल फिरोजा ने पहले विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की और पावरप्ले में कोई विकेट नहीं झटका नहीं लगने दिया। सातवें ओवर में गुल फिरोजा 31 रन बनाकर आउट हो गईं। उसके बाद से विकेटों की झड़ी लग गई। पाकिस्तान की टीम देखते-देखते 67 रन तक 5 विकेट गंवा चुकी थी। शावल जुल्फिकार और आयशा जफर भी पवेलियन लौट गईं।
इसके बाद आलिया रियाज और कप्तान फातिमा सना ने बेहतरीन साझेदारी की और टीम को 130 के पार पहुंचा दिया। 19वें ओवर में आलिया रियाज आउट हुईं, तब पाकिस्तान अच्छी स्थिति में पहुंच गई थी। रियाज ने 22 गेंद में 25 रन बनाए, तो वहीं कप्तान फातिमा सना ने 30 गेंद में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 45 रन की पारी खेली।
146 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 12 रन पर अपना पहला विकेट गंवाया और 20 रन तक तीन विकेट पवेलियन लौट गए। बांग्लादेश ने विकेट तो बचा के रखा, लेकिन रन नहीं बना सकी, जिससे 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर सिर्फ 114 रन बना सके और 31 रन पीछे रह गई। इस तरह पाकिस्तान ने एशियाई गेम्स का पहला ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। बांग्लादेश के लिए शर्मिन अख्तर अंत तक नाबाद रहीं, लेकिन उनकी 46 रन की पारी बांग्लादेश के काम नहीं आई।
पिछले एशियन गेम्स में टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल जीता था, जहां उसने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को हराया था। इस बार भी गोल्ड मेडल मैच में भारत और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने हैं, जो मुकाबला अब से कुछ ही देर में शुरू होगा।