क्रिकेट

पाक के विश्व कप अभियान को बड़ा झटका, महिला क्रिकेट टीम के कोच ने दिया इस्तीफा

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कोच ने इस्तीफा देते हुए कहा कि वह पारिवारिक कारणों से टीम का साथ छोड़ रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 4 Oct 2019, 6:12 PM IST
Mark coles

लाहौर : पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच न्यूजीलैंड के मार्क कोलेस ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इससे अगले साल होने वाले महिला टी-20 विश्व की पाकिस्तान की तैयारियों को बड़ा झटका लगा है। मार्क कोलेस ने पद छोड़ने का कारण पारिवारिक बताया है। उनका कार्यकाल अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आईसीसी टी-20 महिला विश्व कप तक था। उन्होंने अक्टूबर 2017 में पाक महिला टीम के कोच का कार्यभार संभाला था।

इकबाल इमाम बन सकते हैं अंतरिम कोच

खबर है कि पाकिस्तान छोड़कर मार्क के न्यूजीलैंड जाने के बाद टीम के बल्लेबाजी कोच इकबाल इमाम को नए कोच की नियुक्ति तक अंतरिम कोच की जिम्मेदारी दी जाएगी। मार्क ने कहा कि उन्होंने भारी मन से कोच की जिम्मेदारी से मुक्त होने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि इस काम को करते हुए उन्हें काफी मजा आया। लेकिन इस वक्त उनके सामने परिवार की कुछ जिम्मेदारियां आ गई हैं कि वह उसे यहां रहते हुए नहीं निबटा सकते। इस कारण कोच पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।

कहा- काफी समय से सोच रहे थे

कोलेस ने कहा कि वह पिछले काफी समय से यह सोच रहे थे। अगले कुछ महीनों में पाकिस्तान की टीम के लिए कुछ अहम मुकाबले होने हैं। इसलिए उन्होंने सोचा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को अभी ही अपना फैसला बता देना सही रहेगा, ताकि बोर्ड को उनकी जगह कोच का चयन करने के लिए पर्याप्त वक्त मिल जाए।

पीसीबी सीईओ ने किया मार्क का समर्थन

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पीसीबी के सीईओ वसीम खान ने कहा कि मार्क किन निजी कारणों की वजह से कोच पद को छोड़ रहे हैं, यह उन्हें पता है। उन्हें उम्मीद है पाकिस्तान की महिला टीम के कोच पद से इस्तीफा देने के बाद भी वह नए कोच की नियुक्ति तक पहले की तरह काम करते रहेंगे। वह पाकिस्तान क्रिकेट टीम में उनके योगदान के लिए उनका शुक्रिया अदा करते हैं।

Updated on:
4 Oct 2019, 6:12 PM IST
Published on: