क्रिकेट

Women’s T20 World Cup 2026: अगर पाकिस्तान नहीं होता अगले वूमेंस वर्ल्डकप का मेजबान, तो नहीं मिलती टूर्नामेंट में सीधी एंट्री

Women's T20 World Cup 2028 Host: इंग्लैंड में खेले जा रहे वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 से बाहर होने वाली पाकिस्तान की टीम 2028 के संस्करण की मेजबानी करेगी।
2 min read
Jun 24, 2026
sana fatima
सना फातिमा (फोटो- ICC)

Pakistan World Cup 2028 Qualification: आईसीसी वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के पहले ही राउंड से पाकिस्तान की टीम बाहर हो चुकी है। अपने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान ने अब तक चार मैच खेले हैं और चारों में ही उसे हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के बाद वह अंक तालिका में 5वें स्थान पर चली गई है और उससे ऊपर नहीं आ सकती। लेकिन इसके बावजूद वह अगले टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।

टॉप 4 से बाहर, फिर भी मिला टिकट

वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के सेमीफाइनल में हर ग्रुप से सिर्फ दो टीमें पहुंचेंगी, लेकिन बाकी दो टीमों को अगले टूर्नामेंट के लिए सीधा क्वालिफिकेशन मिल जाएगा। मतलब हर ग्रुप से टॉप 4 टीमें ही अगले टूर्नामेंट के लिए सीधा क्वालीफाई कर पाएंगी। पाकिस्तान की टीम अब टॉप-4 में भी जगह नहीं बना सकती है। इसके बावजूद उसे अगले टी20 वर्ल्ड कप 2028 में खेलने का मौका मिलेगा।

दरअसल, आईसीसी के नियमों के अनुसार इस वूमेंस टी20 वर्ल्ड कप की टॉप-8 टीमें ही अगले संस्करण के लिए सीधे क्वालिफाई करेंगी, जिसमें चार सेमीफाइनलिस्ट टीमें और ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली चार टीमें शामिल होंगी। इसके अलावा एक टीम मेजबान होगी और बाकी 3 टीमें क्वालिफिकेशन के जरिए टूर्नामेंट में पहुंचेंगी।

लेकिन पाकिस्तान टी20 वर्ल्डकप 2028 की मेजबानी कर रहा है, जिसकी वजह से उसे सीधी एंट्री मिल जाएगी। मतलब क्वालिफिकेशन के जरिए सिर्फ चार की जगह तीन टीमें ही टूर्नामेंट में पहुंचेंगी। अगर पाकिस्तान वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2028 का मेजबान नहीं होता, तो उसे अगले वर्ल्ड कप में डायरेक्ट एंट्री नहीं मिलती।

आपको बता दें कि पाकिस्तान इस समय चारों मुकाबले हारकर पांचवें स्थान पर है। उसका नेट रन रेट भी -2.831 है। अगर पाकिस्तान की टीम आखिरी मुकाबले में नीदरलैंड को हरा भी देती है, तो भी वह पांचवें स्थान से ऊपर नहीं आ पाएगी।

आपको बता दें कि फिलहाल अंक तालिका में भारतीय टीम दूसरे स्थान पर है। ग्रुप A में ऑस्ट्रेलिया पहले और साउथ अफ्रीका की टीम तीसरे स्थान पर है। वहीं बांग्लादेश इस ग्रुप से अगले टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। ग्रुप B से इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका का अगले टूर्नामेंट के लिए क्वालीफिकेशन पक्का हो गया है।

Published on:
24 Jun 2026 12:30 pm