
Marnus Labuschagne, Ricky Ponting: बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही। पहले टेस्ट में बुरी तरह हारने की वजह से यह सीरीज 1-1 से ड्रॉ पर खत्म हुई। अब ऑस्ट्रेलिया अगली सीरीज दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के टॉप पर बने रहने के लिए उसे यह तीन मैचों की टेस्ट सीरीज हर हाल में जीतना होगी। पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि उस दौरे के लिए टीम में कुछ बदलाव हो सकते हैं।
पोंटिंग ने कहा कि मार्नस लाबुशेन को टीम से बाहर किया जा सकता है। पोंटिंग ने स्काई स्पोर्ट्स पर कहा, "यह टीम लंबे समय से बहुत दबदबे वाली रही है, लेकिन मुझे लगता है कि वे पिछले कुछ सालों से कुछ खिलाड़ियों को ढो रहे हैं। मुझे लगता है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टीम में बदलाव होना तय है, टीम में लाबुशेन की जगह लगभग खत्म हो चुकी है, इसलिए उन्हें नंबर 3 पर किसी और खिलाड़ी के बारे में सोचना होगा।”
बैटिंग के दौरान अपने अनोखे अंदाज़ और 2019 से 2022 के बीच शानदार फ़ॉर्म की वजह से लाबुशेन को अक्सर दूसरा स्टीव स्मिथ माना जाता था। हालांकि, उसके बाद से लाबुशेन का प्रदर्शन गिरता गया है। 2023 की एशेज़ सीरीज़ में आखिरी बार शतक लगाने के बाद से वह कोई शतक नहीं बना पाए हैं और इस साल पांच पारियों में उन्होंने कुल 121 रन बनाए हैं।
पोंटिंग ने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया को ट्रैविस हेड को वापस मिडिल ऑर्डर में भेजने और उनकी पुरानी जगह पर किसी युवा खिलाड़ी को ओपनिंग कराने के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा, "आखिरकार, वे भी यही चाहेंगे कि ट्रैविस हेड ओपनिंग करने के बजाय नंबर 5 पर खेलें, जिससे किसी युवा खिलाड़ी को आकर ओपनिंग करने का मौका मिल सकता है।"
उन्होंने आगे कहा, "दक्षिण अफ़्रीका के उस अटैक का सामना करना आसान नहीं होगा, लेकिन हम ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं जहां हमें कुछ न कुछ आज़माना ही होगा। मुझे नहीं लगता कि हमारी स्थिति और खराब होगी या हम कुछ खोएंगे हो सकता है कि हमें कोई बहुत अच्छा टैलेंट भी मिल जाए।"