क्रिकेट

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चोटिल स्मृति मंधाना की जगह पूजा वस्त्राकर को मिला मौका

टीम इंडिया के कोच ने बताया कि चोट से वह कब तक वापसी करेंगी, यह अभी कहना मुश्किल है, क्योंकि अभी तक एमआरआई नहीं हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 8 Oct 2019, 9:39 PM IST
pooja vastrakar

बड़ौदा : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना चोटिल होने के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले एकदिवसीय सीरीज से बाहर हो गई हैं। अब उनकी जगह आलराउंडर पूजा वस्त्राकर को टीम में शामिल किया गया है। 23 साल की स्मृति मंधाना को अभ्यास के दौरान दाएं पैर की अंगुली में रविवार को चोट लग गई थी। मेडिकल रिपोर्ट में फ्रैक्चर बताया गया है।

कोच ने दी जानकारी

टीम के मुख्य कोच डब्ल्यू वी रमन ने कहा कि मंधाना की चोट की जानकारी देते हुए कहा कि वह बेंगलूरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में पुनर्वास कर रही हैं। सीरीज में उनकी वापसी चोट में सुधार की स्थिति पर निर्भर करेगी। उन्होंने कहा कि यह एक माइनर फ्रैक्चर है, लेकिन उनकी वापसी का समय बताना मुश्किल है। सूजन के कारण अभी एमआरआई नहीं हुआ है। एमआरआई के बाद ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

कप्तान ने कहा- नए खिलाड़ियों को आजमाने का मौका

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने कहा कि मंधाना की अनुपस्थिति में अन्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा। वह अनुभवी खिलाड़ी हैं। लेकिन अन्य खिलाड़ियों ने घरेलू मैचों में बहुत रन बनाए हैं। यह सीरीज आईसीसी महिला चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है, इसलिए नए खिलाड़ियों को आजमाने का यह अच्छा मौका है। वह इस बात को लेकर सकारात्मक हैं कि उनकी जगह जिसको मौका मिलगा, वह इसका पूरा फायदा उठाएगा।

बुधवार से शुरू हो रही है एकदिवसीय सीरीज

भारतीय महिला क्रिकेट टीम बुधवार नौ अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच खेलेगी। इसके बाद 11 अक्टूबर शुक्रवार को भारत को दूसरे वनडे मैच में उतरना है। तीसरा और अंतिम मैच सोमवार 14 अक्टूबर को इन दोनों टीमों के बीच खेला जाएगा। बता दें कि इससे पहले भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला टीमों के बीच हुए छह मैचों के टी-20 सीरीज को भारत ने 3-1 से जीता है। इस सीरीज के दो मैच बारिश में धुल गए थे।

Updated on:
8 Oct 2019, 9:39 PM IST
Published on: