
दुबई : दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाकर रोहित शर्मा ने आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में जबरदस्त उछाल लगाई है। इनके साथ भारत ओपन करने उतरे मयंक अग्रवाल की उछाल भी असाधारण रही है। मयंक अग्रवाल ने दोहरा शतक लगाया है। रोहित शर्मा 37 स्थान की जंप के साथ टेस्ट रैंकिंग में सीधे टॉप-20 में शामिल हो गए हैं तो मयंक 39 स्थान की उछाल के साथ टॉप-25 में शामिल हो गए।
17वें स्थान पर रोहित तो 25वें स्थान पर मयंक पहुंचे
बतौर ओपनर अपने पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाकर ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने रोहित अब 54वें पायदान से 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं तो अपने पहले ही शतक को दोहरा शतक में तब्दील करने वाले मयंक अग्रवाल 64वें स्थान से 25वें पर पहुंच गए हैं। इन दोनों की टेस्ट में यह बेस्ट रैंकिंग है।
विराट कोहली 900 अंकों से कम पर पहुंचे
इस लिस्ट में हालांकि विराट कोहली ने अपना स्थान बरकरार रखा है, लेकिन जनवरी 2018 के बाद वह पहली बार 900 अंक से नीचे आए हैं। ताजा रैंकिंग में उनके 899 अंक हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीवन स्मिथ ने अपना पहला स्थान बरकरार रखा है। उनके और विराट के बीच अब अंकों का फासला बढ़कर 38 अंकों का हो गया है।
अश्विन ने की टॉप-10 में वापसी
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में कुल आठ विकेट लेने वाले रविचंद्रन अश्विन ने लंबे समय बाद एक बार फिर टॉप 10 में वापसी की है। वहीं आलराउंडरों की सूची में वह टॉप-5 में पहुंच गए हैं। अश्विन अब 10वें स्थान पर हैं। वहीं रविंद्र जडेजा दूसरे स्थान पर बरकरार हैं। चौथी पारी में पांच विकेट झटक कर 23 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी करने वाले मोहम्मद शमी को भी इसका फायदा मिला है। वह चार स्थान की उछाल के साथ 18वें से 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
Updated on:
7 Oct 2019, 7:02 PM IST
Published on:
7 Oct 2019, 7:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.