
विशाखापत्तनम : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यहां खेले गए पहले टेस्ट की चौथी पारी में पांच विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मोहम्मद शमी ने अपनी इस शानदार गेंदबाजी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जब टीम में रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा जैसे दिग्गज गेंदबाज हों तो टीम के तेज गेंदबाज आराम से गेंदबाजी कर सकते हैं। बता दें कि मोहम्मद शमी ने विशाखापत्तनम के टर्निंग विकेट पर मैच के अंतिम दिन शानदार गेंदबाजी कर पांच विकेट निकाले। इस पारी में उनके अलावा रविंद्र जडेजा ने चार विकेट लिए तो वहीं अश्चिन के हाथ एक विकेट आया। इन गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी का ही नतीजा था कि भारत ने यह मैच 203 रनों से जीता। यहां यह बताना बेहतर होगा कि अश्विन भले ही दूसरी पारी में एक विकेट अपने नाम किया, लेकिन पहली पारी में उन्होंने सात विकेट निकाले थे।
अश्विन और जडेजा चैम्पियन गेंदबाज
मैच के बाद मोहम्मद शमी ने कहा कि अगर आपके पास अश्विन और जडेजा जैसे गेंदबाज हैं तो टीम के तेज गेंदबाज आराम कर सकते हैं। उन्हें हालात की चिंता नहीं रहेगी, क्योंकि वे जानते हैं कि दो चैम्पियन गेंदबाज मैदान पर हैं। बता दें कि इस मैच में पांच विकेट लेकर शमी बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। 23 साल बाद कोई भारतीय तेज गेंदबाज भारत में चौथी पारी में पांच विकेट ले सका है। इससे पहले 1996 में जवागल श्रीनाथ ने यह कारनामा किया था।
कप्तान विराट कोहली की तारीफ की
मोहम्मद शमी ने इन गेंदबाजों के अलावा भारतीय कप्तान विराट कोहली की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि कोहली की इस बात के लिए तारीफ करनी होगी कि उन्होंने गेंदबाजों अपने हिसाब से स्पेल चुनने की आजादी दी। वह सबकी सुनते हैं और रणनीति के हिसाब से खिलाड़ियों को अपनी भूमिका के साथ न्याय करने की आजादी देते हैं। गेंदबाज अपने हिसाब से निर्णय ले सकते हैं कि उन्हें कब पांच से सात ओवर का स्पेल करना है और कब रुकना है। उन्होंने कहा कि यह एक शानदार कप्तान की निशानी है। कोहली का खिलाड़ियों के साथ तालमेल शानदार है। वह खिलाड़ियों पर भरोसा करते हैं और खिलाड़ी उन पर।
Updated on:
6 Oct 2019, 9:54 PM IST
Published on:
6 Oct 2019, 9:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.