क्रिकेट

चेपॉक के 39 साल के ODI इतिहास में पहला बेस्‍ट बॉलिंग फिगर, प्रसिद्ध कृष्‍णा ने तोड़े रवि रामपॉल और आकिब जावेद के रिकॉर्ड

Prasidh Krishna record: चेन्‍नई के एमए चिदंबरम स्‍टेडियम (चेपॉक) में खेले जा रहे ODI में प्रसिद्ध कृष्‍णा ने अकेले ही अफगानिस्‍तान की आधी टीम को अपना शिकार बनाया है। उन्‍होंने महज 23 रन देकर पांच विकेट अपने नाम करते हुए चेपॉक के वनडे इतिहास का पहला बेस्‍ट बॉलिंग फिगर का रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
2 min read
Jun 20, 2026
Prasidh Krishna record
अफगानिस्‍तान के खिलाफ विकेट लेने की खुशी मनाते प्रसिद्ध कृष्‍णा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

Prasidh Krishna record in ODIs in Chennai: भारत और अफगानिस्‍तान के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला चेन्‍नई के एमए चिदंबरम स्‍टेडियम में खेला जा रहा है। चेपॉक में टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी अफगानी टीम के शीर्ष पांच बल्‍लेबाजों को प्रसिद्ध कृष्‍णा ने अपना शिकार बनाते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। इनमें सबसे खास रिकॉर्ड बेस्‍ट बॉलिंग फिगर का है, जो चेपॉक के 39 साल के इतिहास में पहले नंबर पर है।

चेन्नई में ODI में बेस्ट बॉलिंग फिगर

5/23 प्रसिद्ध कृष्णा, भारत बनाम अफगानिस्तान चेन्नई 2026

5/51 रवि रामपॉल वेस्‍टइंडीज बनाम भारत, चेन्‍नई 2011

5/61 आकिब जावेद पाकिस्‍तान बनाम भारत चेन्नई, 1997

शीर्ष पांच बल्‍लेबाजों का शिकार करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज भी बने

प्रसिद्ध कृष्‍णा इसके साथ ही वनडे इंटरनेशनल के इतिहास में विरोधी टीम के टॉप-5 बैट्समैन को आउट करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज भी बन गए हैं। सबसे पहले ये रिकॉर्ड मनोज प्रभाकर ने बनाया था, जब 1994 में उन्‍होंने हैदराबाद में श्रीलंका के शीर्ष पांच बल्‍लेबाजों को अपना शिकार बनाया था। इसके बाद आईसीसी वनडे वर्ल्‍ड कप 2023 में न्‍यूजीलैंड के खिलाफ मोहम्‍मद शमी ने शीर्ष पांच कीवी बल्‍लेबाजों को अपना शिकार बनाया था।

शानदार प्रदर्शन के बाद क्‍या बोले प्रसिद्ध कृष्‍णा

चेन्नई की उमस भरी गर्मी में शानदार प्रदर्शन के बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने गेंद को अपनी जेब में रखने के बाद कहा कि इतने गर्म दिन में आकर इतनी अच्छी बॉलिंग के साथ टीम की मदद करके बहुत खुश हूं। क्या फुलर बॉलिंग करने की कोई सोची-समझी कोशिश थी? इस पर उन्‍होंने कहा कि हम हर जगह लेंथ पर बहुत मेहनत कर रहे हैं, चाहे मैं कोई भी फॉर्मेट खेल रहा हूं। यह देखकर अच्छा लग रहा है कि चीजें हो रही हैं और निश्चित रूप से मोर्ने काफी समय से मेरे कानों में थे और मैं आज अच्छी बॉलिंग करके खुश हूं।

क्या आप छठा ओवर करना चाहते थे, क्योंकि आप उस समय तक थक चुके थे? नहीं, सच कहूं तो मैं बहुत थक गया था। बहुत गर्मी है, लेकिन कोई शिकायत नहीं। मैंने ओवर किया और वहां चौथा विकेट लिया। लेकिन, हमारे लिए सबसे जरूरी बात यह थी कि हम इतने गर्म दिन में मैदान पर वह परफॉर्मेंस दें, जिसकी जरुरत है।

Updated on:
20 Jun 2026 06:43 pm
Published on:
20 Jun 2026 06:21 pm