क्रिकेट

स्कोर 7/5, चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाये, फिर आया ‘बेबी एबी’ और रदरफोर्ड का तूफान और ऐसे जीती टीम

बेबी एबी' के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस और शेरफेन रदरफोर्ड ने कमाल की साझेदारी निभाई। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 103 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी हुई, जो कैपिटल्स के लिए टी20 में इस विकेट की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है।
2 min read
Jan 18, 2026
Pretoria Capitals
प्रिटोरिया कैपिटल्स ने जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स को हराया (photo - SA20)

Joburg Super Kings vs Pretoria Capitals, SA20, 2025-26: SA20 लीग अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। इसका 28वां मैच प्रिटोरिया कैपिटल्स और जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स के बीच खेला गया, जिसमें एक ऐसा नजारा देखने को मिला जो क्रिकेट में सालों में कभी-कभार ही दिखता है।

चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाये

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रिटोरिया कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 7 रनों के स्कोर पर टीम ने अपने 5 अहम विकेट गंवा दिए। इनमें से चार बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल पाए। आंद्रे रसेल, शाई होप और रोस्टन चेज जैसे बड़े नाम भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। ऐसा लग रहा था कि कैपिटल्स 50-60 रन पर ही सिमट जाएंगी और जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स आसानी से मैच अपने नाम कर लेगी।

डेवाल्ड ब्रेविस और शेरफेन रदरफोर्ड ने पलटा मैच

लेकिन यहां से मैच का रुख पूरी तरह पलट गया। 'बेबी एबी' के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस और शेरफेन रदरफोर्ड ने कमाल की साझेदारी निभाई। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 103 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी हुई, जो कैपिटल्स के लिए टी20 में इस विकेट की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है।

प्रिटोरिया कैपिटल्स ने ने दर्ज़ की जीत

ब्रेविस ने 47 गेंदों पर 53 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। वहीं रदरफोर्ड ने मात्र 50 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 74 रन ठोके। उनकी इस ताबड़तोड़ पारी ने न सिर्फ टीम को संकट से उबारा, बल्कि उन्हें प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया। दोनों की मेहनत से प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 143 रन बनाए।

जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स की खराब बल्लेबाजी

144 रनों का लक्ष्य जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स के लिए ज्यादा बड़ा नहीं लग रहा था, लेकिन उनकी बल्लेबाजी भी लड़खड़ा गई। टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर महज 122 रन ही बना सकी और मैच 21 रनों से हार गई। डियान फोरस्टर ने 44 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़े स्कोर नहीं बना सके। प्रिटोरिया कैपिटल्स की गेंदबाजी में कप्तान केशव महाराज और लिजाड विलियम्स ने कमाल दिखाया। दोनों ने 3-3 विकेट चटकाए (महाराज 3/15, विलियम्स 3/25) और विरोधी टीम को दबाव में रखा।

Updated on:
18 Jan 2026 09:59 am
Published on:
18 Jan 2026 09:59 am