PBKS vs GT: आईपीएल 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। यह मैच मुल्लांपुर में खेला जाएगा।
PBKS vs GT, IPL 2026 Match 4: आईपीएल 2026 का चौथा मुकाबला पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मंगलवार को खेला जाना है। पंजाब ने पिछले सीजन फाइनल तक का सफर तय किया था। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इस सीजन भी दमदार प्रदर्शन करना चाहेगी। आइए आपको पंजाब के उन 5 खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो इस मुकाबले में गुजरात के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो सकते हैं।
प्रियांश आर्या ने आईपीएल 2025 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। प्रियांश पावरप्ले में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। प्रियांश ने पिछले सीजन खेले 17 मुकाबलों में 179 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 475 रन बनाए थे। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में एक शतक और दो अर्धशतक लगाए थे। प्रियांश अगर लय में नजर आए, तो गुजरात के गेंदबाजी अटैक की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए पिछला सीजन बतौर बल्लेबाज लाजवाब रहा था। अय्यर ने 17 मुकाबलों में 175 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 604 रन बनाए थे। श्रेयस को नंबर तीन की पोजीशन रास आई थी। अय्यर पारी को बुनने के साथ-साथ तेजी से रन भी बटोर सकते हैं। यही कारण है कि वह गुजरात के लिए इस मुकाबले में सबसे बड़ा सिरदर्द बन सकते हैं।
दक्षिण अफ्रीका के स्टार ऑलराउंडर मार्को यानसेन गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान देने के लिए जाने जाते हैं। गुजरात टाइटंस के लिहाज से बुरी खबर यह है कि यानसेन की हालिया फॉर्म काफी अच्छी चल रही है। हाल ही में खत्म हुए टी20 विश्व कप 2026 में यानसेन ने सिर्फ 6 मुकाबलों में 11 विकेट निकाले थे। वहीं, यानसेन अंत के ओवरों में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से मैच का रुख पलटने का दमखम रखते हैं।
आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल अपनी घूमती गेंदों से गुजरात के बल्लेबाजों की अग्निपरीक्षा ले सकते हैं। चहल के लिए पिछला सीजन अच्छा रहा था और उन्होंने 14 मुकाबलों में कुल 16 विकेट निकाले थे। खास बात यह है कि चहल अहम समय पर विकेट निकालने का हुनर बखूबी जानते हैं। इसके साथ ही वह अंतिम ओवरों में गेंदबाजी करते हुए भी नजर आएंगे।
गुजरात टाइटंस की सबसे बड़ी ताकत उनका टॉप ऑर्डर है। पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह गुजरात के टॉप ऑर्डर को बिखेरने का दमखम रखते हैं। अर्शदीप की हवा में लहराती गेंदें और बेहतरीन यॉर्कर गुजरात के बल्लेबाजों को खासा परेशान कर सकती हैं। आईपीएल 2025 में अर्शदीप ने 17 मुकाबलों में 21 विकेट निकाले थे।