क्रिकेट

क्विंटन डीकॉक ने शतक ठोक लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, इस मामले में विराट कोहली की कर ली बराबरी

IPL 2026, MI vs PBKS: पंजाब किंग्स के खिलाफ क्विंटन डीकॉक ने नाबाद 112 रन की पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 8 चौके शामिल थे। इस दौरान उन्होंने विराट कोहली के एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

2 min read
Apr 16, 2026
शतक सेलिब्रेट करते हुए क्विंटन डीकॉक (फोटो- IANS)

Quinton De Kock IPL Record: मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपना तीसरा शतक लगाया। बाएं हाथ के इस दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी ने पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के खिलाफ महज 53 गेंदों में शतक पूरा किया। क्विंटन डीकॉक ने वानखेड़े स्टेडियम में 112 रन की पारी खेली। इस दौरान 60 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से नाबाद 112 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी के दम पर टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 195 रन बनाए।

ये भी पढ़ें

पैट कमिंस के वापस आने से पहले SRH को लगा तगड़ा झटका, पूरे सीजन से बाहर हुआ ये तूफानी गेंदबाज

PBKS के खिलाफ बना ये खास रिकॉर्ड

यह आईपीएल में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के किसी बल्लेबाज का दूसरा शतक है। इससे पहले 2014 में मोहाली में लेंडल सिमंस ने 61 गेंदों में नाबाद 100 रन की पारी खेली थी। क्विंटन डी कॉक ने आईपीएल 2016 में अपना पहला शतक लगाया था। उस समय उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 51 गेंदों में 108 रन बनाए थे। इसके बाद साल 2022 में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 70 गेंदों में नाबाद 140 रन की पारी खेली थी।

विराट कोहली की कर ली बराबरी

टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में क्विंटन डी कॉक ने विराट कोहली की बराबरी कर ली है। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा राइली रूसो और साहिबजादा फरहान ने भी टी20 क्रिकेट में 9-9 शतक लगाए हैं। इस सूची में क्रिस गेल (22) शीर्ष पर हैं, जबकि बाबर आजम (11) दूसरे स्थान पर और डेविड वॉर्नर (10) तीसरे स्थान पर हैं।

क्विंटन डी कॉक मुंबई इंडियंस की ओर से आईपीएल में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। इस मामले में सनथ जयसूर्या शीर्ष पर हैं, जिन्होंने साल 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ नाबाद 114 रन बनाए थे। रोहित शर्मा (109* और 105*) इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।

क्विंटन डी कॉक ने आईपीएल में 116 मैच खेले हैं और 116 पारियों में 31.63 की औसत से 3416 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 135 का रहा है और वह 8 बार नाबाद रहे हैं। डीकॉक ने आईपीएल में 333 चौके और 141 छक्के लगाए हैं, जबकि 4 बार वह बिना खाता खोले आउट हुए हैं। इस दौरान उनके नाम 3 शतक और 24 अर्धशतक भी दर्ज हैं। क्विंटन डी कॉक आखिरी बार मुंबई इंडियंस के लिए 2021 में खेले थे। इसके बाद वह लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रहे। आईपीएल 2026 के ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 1 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।

ये भी पढ़ें

5 साल बाद क्विंटन डीकॉक की हुई MI में वापसी, पहले मैच में मचा दिया तहलका, इतनी गेंदों में ठोक दिया शतक
Also Read
View All