
नई दिल्ली। मिस्टर भरोसेमंद के नाम से मशहूर पूर्व दिग्गज भारतीय क्रिकेटर राहुल द्रविड़ को एक और बड़ा सम्मान मिला है। इंटरनेशनल क्रिकेट कांउसिल ने क्रिकेट के क्षेत्र में राहुल द्रविड़ के दिए योगदानों के कारण उन्हें आईसीसी हाल ऑफ फेम में शामिल कर लिया है। द्रविड़ को मिले इस सम्मान की अहमियत इसी बात से साबित हो जाती है कि अबतक सचिन तेंदुलकर को भी ये उपलब्धि नसीब नहीं हुई थी। राहुल द्रविड़ से पहले भारत के मात्र चार और क्रिकेटरों को ये सम्मान मिला है। आईसीसी ने रविवार को डबलिन में हुए एक समारोह में इस बात की घोषणा की। राहुल द्रविड़ के साथ-साथ पूर्व आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोटिंग और संन्यास ले चुकी इंग्लैंड की महिला विकेटकीपर बल्लेबाज क्लेयर टेलर को भी ‘हाल ऑफ फेम’ में जगह मिली।
द्रविड़ से पहले इन भारतीयों को मिला है ये सम्मान-
राहुल द्रविड़ से पहले भारत के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी, सुनील गावस्कर, कपिल देव और अनिल कुंबले को इसमें जगह मिल चुकी है। पोंटिंग इस खास उपलब्धि को हासिल करने वाले आस्ट्रेलिया के 25वें क्रिकेटर हैं। आपको बता दें कि हाल ऑफ फेम पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों का एक खास समूह है, जिसका उद्देश्य पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों का सम्मान करना है।
'द वाल' राहुल द्रविड़ ने जताई खुशी-
आईसीसी की विज्ञप्ति में द्रविड़ के हवाले से कहा गया, ‘‘आईसीसी द्वारा क्रिकेट हाल आफ फेम में जगह दिया जाना बेहद ही सम्मान की बात है। कई पीढ़ियों के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम देखने का अपने क्रिकेट करियर के दौरान कोई सपना ही देख सकता है।’’
अपने करीबियों और कोच को कहा शुक्रिया-
द्रविड़ ने आगे कहा कि मैंने अपने करीबियों के अलावा जिन खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेला, इतने वर्षों में जिन कोचों और अधिकारियों ने मेरा समर्थन किया और क्रिकेटर के रूप में मेरे विकास में मदद की उन सभी को धन्यवाद देता हूं।
ये है राहुल द्रविड़ का करियर ग्राफ-
इस खास उपलब्धि से सम्मानित होने वाले राहुल द्रविड़ ने भारत की ओर से 164 टेस्ट में 36 शतक की मदद से 13288 रन और 344 वनडे में 12 शतक की मदद से 10889 रन बनाया है। द्रविड़ ने लंबे समय तक भारत की कप्तानी भी की है। रिटायर होने के बाद द्रविड़ फिलहाल इंडिया ए क्रिकेट टीम के कोच है। उनकी कोचिंग में इंडिया ए टीम का प्रदर्शन लाजवाब रहा है।