
IND vs IRE, Jai Moondra Ireland Cricket: भारत और आयरलैंड के बीच खेले गए पहले टी20 मैच में एक बेहद अनोखी कहानी देखने को मिली। इस मैच में टीम इंडिया की तरफ से भले ही वैभव सूर्यवंशी जैसे नए खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका नहीं मिला, लेकिन आयरलैंड की टीम से भारत के ही रहने वाले तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रह दिया। जय ने अपने पहले ही मैच में ऐसा कमाल किया कि भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा।
जब भारतीय पारी शुरू हुई, तो जय मूंदड़ा ने सबसे पहले भारत के स्टार ओपनर संजू सैमसन को अपने इंटरनेशनल करियर की पहली ही गेंद पर आउट कर दिया, जिसके बाद टीम इंडिया की बल्लेबाजी बिखरती नजर आने लगी। इसके बाद शिवम दुबे ने आकर टीम इंडिया की पारी को संभाला और जब ऐसा लगने लगा कि भारत मैच जीत सकता है, तभी जय ने दुबे को भी आउट कर भारत की आखिरी उम्मीद तोड़ दी।
जय की इस घातक गेंदबाजी की बदौलत आयरलैंड ने भारत के खिलाफ इतिहास की अपनी पहली टी20 जीत दर्ज की। जय ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 25 रन देकर 2 विकेट झटके।
मैच के बाद जय मूंदड़ा ने टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को याद किया। जय ने कहा, 'पिछली बार जब बुमराह भाई आयरलैंड दौरे पर आए थे, तब मैं नेट्स में गेंदबाजी कर रहा था। उस समय बुमराह भाई से हुई बातचीत से मुझे बहुत मदद मिली। आगे जब भी मौका मिलेगा, मैं उनसे और टिप्स लूंगा।'
जय मूंदड़ा का परिवार आज भी राजस्थान के टोंक जिले में रहता है। जय राजस्थान के लिए अंडर-14 क्रिकेट खेल चुके हैं। वह स्टूडेंट वीजा पर एम.टेक की पढ़ाई करने आयरलैंड गए थे। पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें वहां इंटेल (Intel) कंपनी में नौकरी मिल गई। नौकरी के साथ उन्होंने क्रिकेट खेलना जारी रखा और साल 2023 में अपनी क्लब टीम को 'आयरलैंड सीनियर कप' जिताया। इसके बाद साल 2025 में उन्हें आयरलैंड की नागरिकता मिल गई और अब वह वहां के मुख्य तेज गेंदबाज बन चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि जय के चचेरे भाई अजय मूंदड़ा भी स्वीडन की तरफ से क्रिकेट खेलते हैं।