क्रिकेट

RR vs DC Pitch Report: स्पिनर्स को मिलेगी मदद, क्या बारिश बनेगी विलन, पढ़ें जयपुर की पिच और मौसम का हाल

RR vs DC, IPL 2026: जयपुर की पिच अच्छी बाउंस और कैरी देती है। पावरप्ले में तेज गेंदबाजों को शुरुआती मूवमेंट मिल सकता है, लेकिन उसके बाद बल्लेबाज आसानी से शॉट खेल सकते हैं।

2 min read
May 01, 2026
IPL 2026 Rajasthan Royals vs Delhi Capitals match today know new traffic plan of Jaipur
प्रैक्टिस करते राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी। (फोटो पत्रिका)

Rajasthan Royals vs Delhi Capitals Pitch and Weather Report: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 43वां मुकाबला पहले सीजन की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स (RR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। यह मैच जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम (SMS) में खेला जाएगा। अपने पहले घरेलू मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से हार झेलने के बाद राजस्थान रॉयल्स अब इस मैच को हर हाल में जीतकर अपनी वापसी करना चाहेगी। टीम अपने होम ग्राउंड पर मजबूत प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका के टॉप पर जाना चाहेगी।

दिल्ली कैपिटल्स का बुरा हाल

दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स को लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में टीम इस मुकाबले को जीतकर अपनी खोई लय हासिल करने और प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए पूरी तरह से तैयार है। राजस्थान रॉयल्स का इस सीजन अब तक शानदार प्रदर्शन रहा है। 9 मैचों में 6 जीत हासिल कर 12 अंक लेकर वे वर्तमान में अंक तालिका में चौथे स्थान पर काबिज हैं। टीम ने अपने पिछले मैच में मजबूत पंजाब किंग्स को हराकर आत्मविश्वास से भरी हुई है।

वहीं दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो टीम 8 मैचों में मात्र 3 जीत के साथ 6 अंक लेकर सातवें स्थान पर है। प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीदों को जीवित रखने के लिए डीसी के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार टीम की प्लेऑफ संभावनाओं पर बड़ा झटका साबित हो सकती है।

कैसी है सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच

  • बल्लेबाजी: पिच अच्छी बाउंस और कैरी देती है। पावरप्ले में तेज गेंदबाजों को शुरुआती मूवमेंट मिल सकता है, लेकिन उसके बाद बल्लेबाज आसानी से शॉट खेल सकते हैं। आउटफील्ड तेज होने से रन तेजी से आते हैं। औसत पहली पारी का स्कोर आईपीएल में लगभग 165-170 के आसपास रहता है।
  • गेंदबाजी: तेज गेंदबाजों को शुरुआत में कुछ मदद मिलती है। मिडिल ओवर्स में खासकर जब पिच थोड़ी धीमी हो जाती है तो स्पिनर्स को ग्रिप और थोड़ा टर्न मिलता है। लंबी स्ट्रेट बाउंड्रीज (लगभग 75 मीटर) पावर हिटिंग को थोड़ा मुश्किल बनाती हैं, इसलिए स्ट्रोक रोटेशन और प्लेसमेंट महत्वपूर्ण हो जाता है।
  • चेजिंग: दूसरी पारी में अक्सर ड्यू का फैक्टर होता है, जिससे गेंदबाजों को ग्रिप करने में दिक्कत होती है और चेजिंग टीम को फायदा मिलता है। आईपीएल में यहां चेज करने वाली टीमों का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम की जीत दर लगभग 35% के आसपास है।

जयपुर के मौसम का हाल

मौसम की बात करें तो 1 मई को जयपुर का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। हालांकि एक दिन पहले हल्की बारिश देखने को मिली है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। गर्मी की वजह से खिलाड़ियों को दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। मैच के दौरान उमस 38% रहेगी। वहीं हवा 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।

Published on:
01 May 2026 09:57 am