क्रिकेट

‘सभी फॉर्मेट खेलना आसान नहीं है, मेरे दिमाग में कुछ चल रहा था’: ऑरेंज कैप मिलने के बाद यशस्वी जायसवाल का बड़ा खुलासा!

Yashasvi Jaiswal on RR: IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ तूफानी 77* रनों की पारी खेलने के बाद यशस्वी जायसवाल ने अपनी खास रणनीति का खुलासा किया है। जानें कैसे महज 3 ओवर के पावरप्ले में यशस्वी और वैभव सूर्यवंशी ने मिलकर MI के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं और क्यों जायसवाल ने कहा कि सभी फॉर्मेट खेलना आसान नहीं है।

2 min read
Apr 08, 2026
Yashasvi Jaiswal 77 vs MI , IPL 2026 RR vs MI Highlights , Yashasvi Jaiswal Orange Cap 2026 , Vaibhav Sooryavanshi Batting , Riyan Parag RR Captaincy , Rajasthan Royals Points Table Top , Yashasvi Jaiswal Secret Strategy
यशस्वी जायसवाल मुंबई (MI) के खिलाफ अर्धशतक लगाने के बाद जश्न मनाते हुए (Photo - IANS)

IPL 2026, Yashasvi Jaiswal on RR: मंगलवार को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स (RR) की 27 रनों की शानदार जीत के बाद, 'प्लेयर ऑफ द मैच' बने यशस्वी जायसवाल ने अपनी पारी के पीछे की प्लानिंग के बारे में खुलकर बात की। बारिश की वजह से 11-11 ओवर के हुए इस मैच में यशस्वी ने सिर्फ 32 गेंदों में नाबाद 77 रन ठोके जिसमें उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के जड़े।

यशस्वी के दिमाग में था कि वो...

मैच के बाद बातचीत करते हुए यशस्वी ने बताया कि जब मैच छोटा हुआ, तो उनके पास एक पक्का प्लान था। उन्होंने कहा, 'मेरे दिमाग में कुछ चल रहा था क्योंकि पावरप्ले सिर्फ 3 ओवर का था। मैं सोच रहा था कि किस गेंदबाज के खिलाफ रिस्क लेना है। जब दीपक चाहर भाई बॉलिंग कर रहे थे, तो मुझे लगा कि मैं उन पर अटैक कर सकता हूं। फिर मुझे पता था कि बुमराह भाई आएंगे, तो मैंने सोचा कि वैभव सूर्यवंशी उन्हें संभाल लेगा और मैं किसी और गेंदबाज को टारगेट करूंगा।'

'तीनों फॉर्मेट खेलना नहीं है आसान'

आजकल की क्रिकेट की रफ्तार पर बात करते हुए यशस्वी ने माना कि हर फॉर्मेट में ढलना चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने कहा, 'हर बार तीनों फॉर्मेट में खेलना आसान नहीं होता, पर मैं अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहा हूं। मैं नए-नए शॉट्स सीखने और विकेट को समझने पर ध्यान दे रहा हूं। मैं बस ये देखता हूं कि टीम को क्या चाहिए। अगर मुझे पता है कि किस सिचुएशन में कौन सा शॉट खेलना है, तो मैं उसी हिसाब से खेलता हूं।'

जोड़ीदार वैभव सूर्यवंशी की तारीफ

यशस्वी ने अपने ओपनिंग पार्टनर वैभव सूर्यवंशी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वैभव को खेलता देख उन्हें खुद मोटिवेशन मिलता है। दोनों मैदान पर लगातार बात करते हैं और यशस्वी उन्हें निडर होकर खेलने का हौसला देते हैं।

पॉइंट्स टेबल पर रॉयल्स का राज

इस जीत के साथ कप्तान रियान पराग के नेतृत्व में राजस्थान रॉयल्स लगातार 3 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। वहीं मुंबई इंडियंस 3 मैचों में से सिर्फ 1 जीतकर 7वें नंबर पर खिसक गई है।

मैच का हाल: स्कोरकार्ड

राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवरों में 150 रन बनाए और 3 विकेट खो दिए थे। जायसवाल ने 32 गेंदों में 77* रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वहीं सूर्यवंशी ने 14 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 5 छक्के शामिल थे। दोनों ओपनर्स ने मिलकर MI के गेंदबाजों की जमकर धुलाई कर दी। लक्ष्य का पीछा करते हुए, मुंबई सही लय ही नहीं पकड़ पाई और जल्दी ही अपने विकेट गंवाती रही। बर्गर (2/21), संदीप (2/25) और बिश्नोई (2/26) ने मुंबई के खिलाफ बेहतरीन गेंदबाजी की।