क्रिकेट

भारत में TikTok बैन होने से David Warner को लगेगा झटका, R Ashwin ने पूछा- अब क्या करोगे?

David Warner ने अपने परिवार के साथ भारतीय फिल्मों पर डांस के कई वीडियो TikTok पर डाले थे, जिसे भारतीय प्रशंसक पसंद कर रहे थे।

2 min read
ravichandran ashwin trolled david warner after tiktok ban in india

नई दिल्‍ली : चीन के साथ बढ़ते तनाव के बीच भारत ने सोमवार को 59 चाइनीज एप पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। इसके बाद टीम इंडिया के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने सोशल मीडिया पर डेविड वॉर्नर (David Warner) के साथ चुहल की और भारत में टिकटॉक बैन होने पर पूछा- अब क्या करोगे?

भारत में स्टार बन गए थे वार्नर

डेविड वार्नर ने भारतीय प्रशंसकों को ध्यान में रखकर हिंदी (Bollywood) और दक्षिण भारतीय फिल्‍मी (Tollywood) गानों पर डांस करते थे और उसे टिकटॉक पर डाल देते थे। उनके यह वीडियो भारत में काफी लोकप्रिय होते थे। इस कारण वह भारत में स्टार बन गए थे, खासकर दक्षिण भारत में। बता दें कि वार्नर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के कप्तान हैं। इसलिए वह इस फ्रेंचाइजी टीम के प्रशंसकों का ध्यान रखकर ज्यादातर टॉलीवुड फिल्मों के गाने और फिल्मों पर ही अभिनय या डांस किया करते थे।

अश्विन ने पूछा अब क्या?

टिकटॉक सहित 59 चीनी एप पर भारत में प्रतिबंध लगने के बाद रविचंद्रन अश्विन ने ट्विटर पर वॉर्नर से फिल्‍मी अंदाज में मजे लिए। उन्‍होंने वॉर्नर को टैग कर लिखा- 'अप्‍पो अनवर।' बता दें कि सुपरस्‍टार रजनीकांत (Rajnikant) की 1995 में आई फिल्‍म माणिक बाशा (Manik Basha) फिल्म का एक डायलॉग है। इसका मतलब यह है कि अब क्या करोगे?

बता दें कि कोरोना वायरस (Coronavirus) के कारण पूरी दुनिया में क्रिकेट बंद है और लॉकडाउन में क्रिकेटर सोशल मीडिया के जरिये अपने प्रशंसकों से जुड़े थे। इस मौके का फायदा उठाते हुए ऑस्‍ट्रेलिया के आक्रामक बल्‍लेबाज डेविड वॉर्नर ने अपने परिवार के साथ भारतीय फिल्मों पर डांस के कई वीडियो टिकटॉक (TikTok ) पर डाले थे, जिसे भारतीय प्रशंसक पसंद कर रहे थे।

कई स्टार भी बने प्रशंसक

पिछले दिनों वॉर्नर ने महेश बाबू के गाने पर डांस किया था और बाहुबली फिल्‍म का एक सीन भी रिक्रिएट कर टिकटॉक पर डाला था। यह डेविड वॉर्नर के इन्हीं टिकटॉक वीडियो का ही कमाल है कि वह भारत में काफी मशहूर हो गए हैं। शिल्‍पा शेट्टी (Shilpa Shetty), महेश बाबू (Mahesh Babu) समेत कई भारतीय फिल्मी स्टार भी उनके प्रशंसक हो गए हैं। इतना ही नहीं, उनके साथी क्रिकेटर और ऑस्‍ट्रेलिया के पूर्व कप्‍तान स्‍टीव स्मिथ (Steve Smith) ने भी वार्नर की तारीफ करते हुए कहा था कि वह आजकल डांस करने में व्यस्त हैं और उन्‍होंने भारत में एक अलग तरह का माहौल बनाया है। वह वहां ट्रेंड करते हैं।

लक्ष्मण ने कहा, मिल सकता है टॉलीवुड में काम

टीम इंडिया (Team India) के मध्यक्रम के पूर्व बल्लेबाज और सनराइजर्स हैदराबाद के मेंटर वीवीएस लक्ष्‍मण (VVS Laxman) ने कहा था कि एक न एक दिन वॉर्नर को जरूर टॉलीवुड फिल्‍मों में रोल मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि एक बात तो इतना तो स्पष्ट है कि डेविड वार्नर से सनराइजर्स हैदराबाद के प्रशंसक बहुत खुश हैं। लक्ष्मण ने कहा कि उन्हें यह तो यकीन नहीं है कि वॉर्नर टीम इंडिया में चुने जाएंगे, लेकिन उन्हें टॉलीवुड फिल्‍में जरूर मिल सकती है। इसमें कोई शक नहीं हैं।

Updated on:
30 Jun 2020 02:08 pm
Published on:
30 Jun 2020 02:05 pm
Also Read
View All