
नई दिल्ली : लेफ्ट आर्म स्पिनर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) टीम इंडिया के बेहद उपयोगी खिलाड़ी हैं। वह गेंदबाजी करने के अलावा अच्छी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं और टीम इंडिया के सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षकों में भी शुमार किए जाते हैं। वह बेहद जिंदादिल इंसान हैं और टीम इंडिया का माहौल हल्का-फुल्का बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। टीम इंडिया के खिलाड़ी प्यार से उन्हें 'जड्डू' या 'सर जडेजा' के नाम से बुलाते हैं। सबसे पहले उन्हें ये उपाधि टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने दिया था। लेकिन जडेजा को 'सर' कह कर संबोधित किया जाना बिल्कुल पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि इस 'उपाधि' से उन्हें नफरत है।
बताया कैसे पड़ा नाम
रविंद्र जडेजा आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हैं। उन्होंने एक मीडिया से बात करते हुए यह खुलासा किया कि उनका यह नाम कैसे पड़ गया। जडेजा ने बताया कि सबसे पहले कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी ने तीन-चार साल पहले इस उपाधि के साथ ट्वीट किया था। इसके बाद से उनके नाम के साथ 'सर' जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि अगर आप व्यक्तिगत रूप से उनसे इस बारे में पूछें तो उन्हें इस उपाधि से नफरत है। जडेजा ने आगे कहा कि वह हमेशा लोगों से कहते हैं कि उन्हें 'सर' उपाधि के साथ न बुलाएं। वह उन्हें या तो जड्डू कहें या फिर जडेजा कह लें।
टीम इंडिया के खोले राज
जडेजा ने इस दौरान टीम इंडिया के साथी खिलाड़ियों के राज भी खोले। उन्होंने बताया कि कई खिलाड़ी काफी मजाक करते रहते हैं। इन खिलाड़ियों में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली भी शामिल हैं। वह दूसरों की बहुत अच्छी मिमिक्री काफी अच्छी कर लेते हैं।
क्रिकेट ने दिया एक्सपोजर
रविंद्र जडेजा ने बताया कि क्रिकेट के कारण उन्हें बहुत कुछ मिला। इसी के कारण वह कई अलग-अलग लोगों से मिले हैं और उन्हें उनसे काफी कुछ सीखने को मिला। उन्हें यह एक्सपोजर सिर्फ और सिर्फ क्रिकेट के कारण ही मिल पाया।