
Ravindra Jadeja imitated Kuldeep Yadav: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले कोलंबो में एक वार्म अप मैच खेला जा रहा है। इस अभ्यास मैच के दूसरे दिन भारत ने 300 के स्कोर को पार कर लिया है। जबकि इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने अपनी पहली पारी 8 विकेट के नुकसान पर 363 रन पर घोषित की थी। इस मैच में जहां देवदत्त पडिक्कल शतक बनाकर खेल रहे हैं, तो वहीं रवींद्र जडेजा 63 रन बनाकर रिटायर्ड हटे हुए हैं। रिटायर्ड हर्ट के बाद ड्रेसिंग रूम में जडेजा ने एक ऐसी हरकत की, जिसे देख हेड कोच गौतम गंभीर समेत हर कोई खिलखिलाकर हंसने लगा।
दरअसल, ड्रेसिंग रूम से हेड कोच गौतम गंभीर और स्पिन कोच जुबिन भरूचा भारत की बल्लेबाजी देख रहे थे। इसी दौरान उनके बगल में बैठे रवींद्र जडेजा अचानक उठते हैं और कुलदीप यादव के एक्शन की नकल करने लगते हैं। उन्हें ऐसा करते देख गंभीर अपनी हंसी नहीं रोक पाते और जोर-जोर से ठहाके लगाने लगते हैं। वहीं, उनके बगल में बैठे जुबिन टीशर्ट में मुंह छिपाकर हंसने लगते हैं।
रवींद्र जडेजा श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ 117 गेंदों का सामना करते हुए 63 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके भी आए हैं। वहीं, गेंद से उन्होंने दो विकेट अपने नाम किए हैं। यह करीब 8 महीने बाद है, जब अनुभवी ऑलराउंडर के बल्ले से अर्धशतक आया है। इससे पहले उन्होंने 25 नवंबर 2025 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। उस दौरान उन्होंने 87 गेंदों 54 रनों की पारी खेली थी। इसके साथ ही गेंद से दोनों पारियों में 6 विकेट भी चटकाए थे, लेकिन वह बात अलग है कि उस मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा था।
मैच की बात करें तो श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी 8 विकेट के नुकसान पर 363 रन बनाकर घोषित की थी। इसके जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 6 विकेट के नुकसान पर 357 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। भारत फिलहाल पहली पारी के आधार पर सिर्फ 6 रन पीछे है।