
बेन डकेट का विकेट लेने की खुशी मनाती श्रीलंका की टीम। (फोटो सोर्स: cricinfo)
England vs Sri Lanka 1st ODI: श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच मंगलवार को तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला चेस्टर ली स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान इंग्लैंड की टीम को श्रीलंकाई गेंदबाजों ने 48.1 ओवर में सिर्फ 265 के स्कोर पर समेट दिया है। इंग्लैंड की ओर से जहां हैरी ब्रूक ने अर्धशतकीय पारी खेली है। वहीं, श्रीलंका की ओर से असिथ फर्नांडो और सचिंदू कोलोम्बागे ने तीन-तीन विकेट चटकाए हैं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने अपना पहला विकेट महज 16 के स्कोर पर 2.5 ओवर में टॉम बैंटन के रूप में गंवा दिया। टॉम को 10 के निजी स्कोर पर असिथा फर्नांडो ने अपना पहला शिकार बनाया। फिर इंग्लिश टीम को दूसरा झटका 67 के स्कोर पर बेन डकेट के रूप में लगा। डकेट को 32 के स्कोर पर दूनिथ वेलालागे ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद तीसरा विकेट 135 के स्कोर पर जो रूट के रूप में गिरा। रूट 44 रन बनाकर सचिंदू का पहला शिकार बने। इससे पहले जो रूट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में अपने 23000 रन भी पूरे किए।
रूट के बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने पारी को संभाला, लेकिन टीम का स्कोर 182 पर पहुंचा ही था कि कप्तान भी 67 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर चलते बने। इसके बाद जोस बटलर ने 31, विल जैक्स ने 46 और गस एटकिंसन ने 14 रन की पारी खेली। इनके अलावा चार बल्लेबाज सिंगल डिजिट से आगे नहीं बढ़ सके।
श्रीलंका की ओर से सभी गेंदबाजों ने काफी कसी हुई और शानदार गेंदबाजी की। लेकिन, सचिंदू कोलोम्बागे ने सबसे अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 10 ओवर के स्पेल में महज 44 रन देकर तीन विकेट चटकाए। वहीं, असिथा फर्नांडो ने 9.1 ओवर में 53 देकर तीन विकेट लिए। जबकि दिलशान मदुशंका, दुशमंथा चमीरा और दूनिथ वेलालागे ने एक-एक विकेट हासिल किया।
Updated on:
22 Sept 2026 09:41 pm
Published on:
22 Sept 2026 09:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
